Lockdown Extension: शांता कुमार ने सराहा मोदी का फैसला, कांग्रेस नेताओं ने भी किया स्वागत पर दिया यह तर्क
हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार ने लॉकडाउन बढ़ानेे के फैसले को सराहा है। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज प्रेरक संदेश दिया है।
पालमपुर शिमला, जेएनएन। हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार ने लॉकडाउन बढ़ानेे के फैसले को सराहा है। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज प्रेरक संदेश दिया है। उन्होंने 3 मई तक हमें फिर से अनुशासन में रहने का आदेश दिया है। हम इस राष्ट्रीय कर्तव्य को पूरी निष्ठा से निभाने की कोशिश करें। प्रधानमंत्री ने ठीक कहा है कि यदि समय पर सावधानी नहीं बरती होती तो भारत जैसे इतनी अधिक जनसंख्या वाले देश में सबसे अधिक मुसीबत होती। दुनिया का सबसे ताकतवर देश अमेरिका आज इस त्रासदी को झेल रहा है। हम पूरे भारतवासी प्रधानमंत्री के आभारी हैं कि उन्होंने समय रहते सब प्रकार से ठीक कदम उठाए और देशवासियों ने भी अपने कर्तव्य का पालन किया।
उन्होंने कहा संकट की इस घड़ी में असली कोरोना योद्धा हम नहीं, कोई नेता भी नहीं, असली योद्धा तो डॉक्टर्स, नर्सेज व सफाई कर्मचारी और आवश्यक सेवाएं देने वाले कर्मचारी हैं। जैसे जवान युद्ध क्षेत्र में डटा रहता है। ठीक उसी प्रकार डॉक्टर करोना के साथ लड़ने के लिए अपने मोर्चे पर डटे हैं। शांता कुमार ने उन सब सेवाओं को देने वाले डॉक्टर्स और सभी कर्मचारियों को नमन किया और उनका धन्यवाद किया।
जिलाें को कैटेगिरी में बांटा जाए
कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप राठौर ने कोरोना वायरस के खतरे को देखते हुए लॉकडाउन की अवधि को 3 मई तक बढ़ाने के फैसले का स्वागत किया है। राठौर ने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से बीते रोज बात कर सुझाव भी दिया था कि प्रदेश के जिलों को कैटेगरी में बांटा जाए। जहां पर अति आवश्यक नहीं है वहां पर रियायतें दी जाएं। प्रदेश में फसल कटाई का समय है लोगों को किसी भी तरह की दिक्कतें पेश न आएं। इसके अलावा जो लोग जिलों में फंसे हुए हैं, उन्हें भी आने जाने की अनुमति दी जाए।