मंत्री बनने के लिए नेताओं की दिल्ली में लॉबिंग, कैबिनेट में विस्तार समेत बदले जा सकते हैं विभाग
मौका जेपी नड्डा की ताजपोशी का है मगर इस बहाने हिमाचल के कई दिग्गजों नेताओं की नजर मंत्रिमंडल पर होगी।
धर्मशाला/शिमला, जेएनएन। दिल्ली में सोमवार को जेपी नड्डा की ताजपोशी के मौके पर हिमाचल के कई दिग्गज नेताओं की नजर मंत्रिमंडल पर होगी। वरिष्ठ नेताओं ने दिल्ली में जुटकर लॉबिंग भी शुरू कर दी है। हिमाचल प्रदेश भाजपा अध्यक्ष की नियुक्ित के बाद संगठन और सरकार अब मंत्रिमंडल विस्तार और फेरबदल पर ही काम करेगी। कुछ मंत्रियों को हटाने या विभाग बदलने की चिंता भी सता रही है। ऐसे में नड्डा की ताजपोशी के बाद भी सरकार के मंत्री व वरिष्ठ विधायक गोटियां फिट करने के लिए दिल्ली में डटे रहेंगे। प्रदेश के कई मंत्री और विधायक शनिवार से ही दिल्ली स्थित हिमाचल भवन व हिमाचल सदन में डेरा डाले हुए हैं।
आइपीएच मंत्री महेंद्र ठाकुर, विपिन परमार, राजीव सैजल, वीरेंद्र कंवर व रामलाल मार्कंडेय ने दिल्ली में ठहरने के लिए 20 जनवरी की बुकिंग करवा रखी है। बजट सत्र के दौरान मंत्रिमंडल का विस्तार होना निश्चित है। संभावना है कि किसी मंत्री को विधानसभा अध्यक्ष भी बनाया जा सकता है।
ताजपोशी समारोह में नूरपुर से भाग लेंगे 200 कार्यकर्ता
जेपी नड्डा के भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में ताजपोशी समारोह में नूरपुर विधानसभा क्षेत्र के 200 कार्यकर्ता भाग लेंगे। सभी कार्यकर्ता रविवार को प्रदेश भाजयुमो सचिव भवानी पठानिया की अगुवाई में दिल्ली रवाना हुए। भवानी पठानिया ने कहा कि नड्डा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनना हिमाचल के लिए गर्व की बात है। वहीं नूरपुर के विधायक राकेश पठानिया भी शिमला से दिल्ली के लिए रवाना हो गए हैं।
विधायकों के साथ 1200 कार्यकर्ता दिल्ली रवाना
जगत प्रकाश नड्डा की भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष पद पर होने जा रही ताजपोशी से उनके गृह जिला में खुशी की लहर है। 20 जनवरी को दिल्ली में होने वाले नड्डा ताजपोशी समारोह के लिए रविवार को जिले के तीन विधानसभा क्षेत्रों के भाजपा विधायक अपनी-अपनी टीमों के साथ दिल्ली के लिए रवाना हुए। करीब 1200 भाजपा नेता और कार्यकर्ता ताजपोशी समारोह में शामिल होने गए हैं। बिलासपुर जिले के तीन विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा के विधायक हैं। ऐसे में चारों विधानसभा क्षेत्रों से विधायकों के साथ-साथ मंडलाध्यक्ष, जिलाध्यक्ष और आम कार्यकर्ता भी दिल्ली रवाना हुए। बिलासपुर के विधायक सुभाष ठाकुर, जिलाध्यक्ष स्वतंत्र सांख्यान, घुमारवीं के विधायक राजेंद्र गर्ग, झंडूता के विधायक जीतराम कटवाल सुबह करीब दस बजे रवाना हुए। जिले के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र से लगभग तीन से चार सौ कार्यकर्ता दिल्ली गए हैं।