Himachal Coronavirus Update: प्रदेश में कोरोना वायरस के 10 मामले, दो साल की बच्ची की मां भी संक्रमित
Himachal Coronavirus News Live Update हिमाचल प्रदेश में कोरोना वायरस के 10 मामले सामने आए हैं।
धर्मशाला, जेएनएन। हिमाचल प्रदेश में कोरोना वायरस के आज 10 मामले सामने आए हैं। चंबा की कोरोना पॉजिटिव दो साल की बच्ची की मां भी संक्रमित हो गई है। हमीरपुर व कांगड़ा के बाद बिलासपुर में भी 3 लोग संक्रमित पाए गए हैं। बिलासपुर के काेरोना पॉजिटिव मरीज के संपर्क में आकर ये संक्रमित हुए हैं।
एक राहत की खबर भी आई है। हमीरपुर और ऊना जिला के दो मरीजों की रिपोर्ट नेगेटिव भी आई है, ये स्वस्थ हो गए हैं। स्वस्थ मरीजों का आंकड़ा 46 हो गया है। ऊना के अम्ब की महिला दिल्ली से लौटी थी व 11 दिन पहले पॉजिटिव पाई गई थी, जो अब स्वस्थ हाे गई है।
हिमाचल प्रदेश में अन्य राज्यों से आ रहे लोगों का संक्रमित पाए जाने का सिलसिला जारी है। दिल्ली के बाद अब मुंबई से लौटे लोग काेरोना पॉजिटिव पाए जा रहे हैं। प्रदेश में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 91 पर पहुंच गया है। कोरोना से प्रदेश में चार लोगों की मौत हुई है।
दिल्ली से लौटी कुल्लू निवासी महिला की रिपोर्ट नेगेटिव, नेरचौक में हुई थी मौत
दिल्ली से लौटी कुल्लू की महिला की नेरचौक मेडिकल कॉलेज में मौत हो गई थी, राहत की बात है कि इसकी कोरोना जांच रिपोर्ट नेगेटिव पाई गई है। महिला खांसी, जुकाम व बुखार से ग्रस्त थी। इस कारण अस्पताल प्रशासन ने रिपोर्ट आने तक शव देने से मना कर दिया था। महिला दिल्ली से 15 मई को लौटी थी। 43 वर्षीय महिला दिल्ली से लौटने के बाद घर नहीं पहुंची थी, यह मंडी के कटिंडी स्थित मायके में ही ठहरी थी। महिला शूगर की बीमारी से भी पीड़ित थी।
43 वर्षीय कमला देवी पत्नी पन्ना लाल निवासी भेखली कुल्लू 15 मई की रात को 11 बजे मंडी के कटिंडी अपने पति के साथ एंबुलेंस में पहुंची। महिला की मां ने पंचायत प्रधान को सूचित किया। इसके बाद प्रधान ने महिला और उसकी माता को कटिंडी स्कूल में क्वारंटाइन किया था। कमला का पति रात को ही दिल्ली चला गया था। इसके बाद 18 मई को कमला की अचानक तबीयत ज्यादा खराब हो गई। इस पर महिला को अस्पताल ले जाया गया और यहां इसकी मौत हो गई। कुल्लू के कोठीसारी पंचायत के प्रधान ने बताया कि पन्ना लाल काफी वर्षों से कुल्लू नहीं आया है। इसके खिलाफ कई समन भी आ चुक हैं। वह अपने पिता की मौत पर भी घर नहीं आया है।
यह भी पढ़ें:
सैनिटाइजर घोटाला: पुरानी राशि खर्चे बिना कोरोना फंड से मांग लिए अतिक्ति दस लाख, सांठगांठ का आरोप
जिला कांगड़ा का एक मरीज स्वस्थ हाे गया। कोविड केयर सेंटर बैजनाथ में पिछले सप्ताह लाए गए कांगड़ा के जमानाबाद के युवक की रिपोर्ट नेगेटिव आई। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जमानाबाद के पंकज को रविवार को एंबुलेंस के माध्यम से घर भेज दिया। पंकज दुबई से लौटा था तथा उसकी जब यहां जांच हुई तो उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई थी। बीएमओ महाकाल डॉक्टर डीएस दयोल ने बताया इस युवक को घर भेज दिया गया है। अब बैजनाथ में कोरोना संक्रमितों के कुल 11 केस हैं। इनमें से सोमवार को भी शाहपुर के रैत ब्लाॅक के एक युवक की जांच के लिए रिपोर्ट भेजी जाएगी।
यह भी पढ़ें: LockDown 4: हिमाचल में 31 मई तक जारी रहेगा कर्फ्यू, ढील में कोई बदलाव नहीं; बसें नहीं चलेंगी