Himachal Coronavirus Update: विदेश से लौटा कुल्लू का युवक कोरोना संक्रमित, गर्भवती महिला भी पॉजिटिव
Himachal Coronavirus News Live Update कुल्लू में विदेश से लौटे 31 युवक की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। युवक सूडान से चार जुलाई को दिल्ली लौटा था व उसके बाद सीधा कलेहली गांव पहुंचा था।
धर्मशाला/शिमला, जेएनएन। हिमाचल प्रदेश में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा बीते तीन-चार दिन से लगातार बढ़ रहा है। प्रदेश में आंकड़ा 1300 के पार हो गया है। कुल्लू में विदेश से लौटे 31 युवक की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। युवक सूडान से चार जुलाई को दिल्ली लौटा था व उसके बाद सीधा कलेहली गांव पहुंचा था। इसके बाद इस युवक को प्रशासन की तरफ से होम क्वारंटाइन किया गया था। युवक के साथ कोरोना टेस्ट करवाने के लिए इसकी बहन भी अस्पताल में आई थी जिसके बाद प्रशासन ने युवती को भी क्वारंटाइन कर दिया है। उधर, नाहन में गर्भवती महिला कोरोना पॉजिटिव पाई गई है। हैरानी व चिंता की बात यह है कि महिला की कोई ट्रेवल हिस्ट्री नहीं है।
प्रदेश में कुल संक्रमित मरीजों का आंकड़ा 1315 हो गया है। अब तक स्वस्थ 942 स्वस्थ हो चुके हैं, जबकि एक्टिव मामले 349 हैं। बिलासपुर में कोरोना के एक साथ तीन मामले सामने आए हैं। हाइड्रो इंजीनियरिंग कॉलेज के निर्माण कार्य में लगे दो मजदूर भी संक्रमित पाए गए हैं।
यह भी पढ़ें; Coronavirus: पति और बच्ची के बाद महिला भी संक्रमित, बिलासपुर में दो कामगारों की रिपोर्ट भी पॉजिटिव
सोलन जिला में एक ही दिन में कोरोना के 69 पॉजिटिव मामले आने के बाद मंगलवार को चंबा में केरल से लौटै आइटीबीपी के तीन जवान सहित उनके परिवार के सदस्य भी पॉजिटिव पाए गए हैं। मंगलवार को प्रदेश में कोरोना के 18 नए केस सामने आए। इनमें चंबा में सबसे अधिक सात हैं। इनमें स्मार्ट के 31 वर्षीय जवान की 28 वर्षीय पत्नी और 5 व 3 साल के दो बच्चे भी पॉजिटिव पाए गए हैं। इसके अलावा सोलन व ऊना से तीन-तीन, कांगड़ा व शिमला से दो-दो और किन्नौर में एक नया मामला आया है।
मंगलवार को प्रदेश में कुल 2327 सैंपल लिए, जिनमें 1786 नेगेटिव और 535 की रिपोर्ट आनी है। प्रदेश में 11 कोरोना संक्रमितों ने कोरोना को मात दी है। इनमें कांगड़ा से छह और सोलन से पांच शामिल हैं। साथ ही प्रदेश में कोरोना संक्रमितों का कुल आंकड़ा 1310, जबकि एक्टिव मामलों की संख्या 347 हो गई। शिमला में कश्मीर से आए दो लदानी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। दोनों को क्वारंटाइन किया गया था।
एक्टिव मामलों में सोलन टॉप पर
प्रदेश में सबसे अधिक एक्टिव मामलों की संख्या अब सोलन में 151 हो गई है, जबकि कांगड़ा में 40, हमीरपुर में 31, ऊना में 30, किन्नौर में 29, शिमला में 18, चंबा में 16, बिलासपुर में 14, मंडी में आठ, सिरमौर में छह, कुल्लू में तीन और लाहुल स्पीति में एक एक्टिव मामला है।