हिमाचल: कांगड़ा के गगल एयरपोर्ट पर इजरायली नागरिक के बैग से जिंदा कारतूस बरामद, केस दर्ज
हिमाचल प्रदेश के गगल एयरपोर्ट पर एक इजरायली नागरिक लेवे उपनयन के पास से चेकिंग के दौरान एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।

कांगड़ा के गगल एयरपोर्ट पर इजरायली नागरिक के बैग से जिंदा कारतूस बरामद।
HighLights
गगल एयरपोर्ट पर इजरायली नागरिक के पास से कारतूस बरामद
लेवे उपनयन धर्मशाला से दिल्ली जाने की तैयारी में था
आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज, पुलिस जांच में जुटी
जागरण संवाददाता, कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा में स्थित गगल एयरपोर्ट पर मंगलवार को एक इजरायली मूल के नागरिक के पास से चेकिंग के दौरान एक जिंदा कारतूस (रौंद) बरामद किया गया है।
आरोपी की पहचान लेवे उपनयन के रूप में हुई है, जो धर्मशाला से दिल्ली जाने की तैयारी में था। पुलिस ने इस संबंध में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार को स्पाइसजेट के सुरक्षा प्रभारी रोहित सोनी (निवासी गगल) ने दूरभाष के माध्यम से गगल पुलिस थाना को इस बात की सूचना दी।
उन्होंने बताया कि गगल एयरपोर्ट पर जब धर्मशाला से दिल्ली जाने वाली फ्लाइट संख्या SG-2451 के यात्रियों के सामान की चेकिंग की जा रही थी, तो उक्त इजरायली नागरिक के रजिस्टर्ड बैग की एक्स-रे स्क्रीनिंग की गई। इस दौरान सुरक्षा कर्मियों को बैग के अंदर एक जिंदा बुलेट दिखाई दी, जिसे तुरंत जब्त कर लिया गया।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ तुरंत हालात का जायजा लेने और तथ्यों की पुष्टि के लिए गगल एयरपोर्ट पहुंचे। पुलिस ने सुरक्षा प्रभारी रोहित सोनी के बयान दर्ज किए।
बयान के आधार पर आरोपी इजरायली नागरिक के खिलाफ गगल थाना में मुकदमा नंबर 113/26, धारा 25(1)(a) आर्म्स एक्ट (Arms Act) के तहत केस दर्ज किया गया है। मामले की आगामी तफ्तीश मुख्य आरक्षी (HC) विकास भट्ट द्वारा अमल में लाई जा रही है। पुलिस इस बात की गहराई से जांच कर रही है कि विदेशी नागरिक के पास यह कारतूस कहां से आया और इसे ले जाने का क्या मकसद था।
