नगरोटा बगवां में अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा जीएस बाली का पार्थिव शरीर, कांग्रेस के दिग्गज नेता पहुंचेंगे
Tribute to GS Bali पूर्व मंत्री स्वर्गीय जीएस बाली की पार्थिव देह को अंतिम दर्शन के लिए आज सुबह दस बजे से दो बजे तक ओबीसी भवन नगरोटा बगवां में रखा जाएगा। इसके बाद अंतिम संस्कार श्रीचामुंडा नंदिकेश्वर धाम में तीन बजे किया जाएगा।
धर्मशाला, जागरण संवाददाता। Tribute to GS Bali, पूर्व मंत्री स्वर्गीय जीएस बाली की पार्थिव देह को अंतिम दर्शन के लिए आज सुबह दस बजे से दो बजे तक ओबीसी भवन नगरोटा बगवां में रखा जाएगा। इसके बाद अंतिम संस्कार श्रीचामुंडा नंदिकेश्वर धाम में तीन बजे किया जाएगा। उनके अंतिम दर्शन के लिए प्रदेश के आला नेता पहुंचेंगे तो दिल्ली सहित अन्य राज्यों से भी कांग्रेस नेता पहुंच सकते हैं।
जीएस बाली के निधन से कांग्रेस पार्टी को बहुत बड़ा झटका लगा है, कांग्रेस ने अपना एक मजबूत स्तंभ खो दिया है। कांग्रेस ही नहीं बल्कि अन्य राजनीतिक दल भी जीएस बाली का सम्मान करते थे। उन्होंने अपने कार्यकाल में विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली को चुस्त दुरुस्त किया और विकास व गरीब को हमेशा तरजीह दी। संगठन, पार्टी व जनता में पकड़ के साथ-साथ एक चुस्त व तेज तर्रार नेता थे, जिनकी अफसरशाही पर भी मजबूत पकड़ रही। उनके यूं चले जाने से जिला कांगड़ा की जनता को नुकसान हुआ है। कांगड़ा जिला का मजबूत पक्ष हमेशा वह रखते रहे और कांगड़ा के हितों के साथ कभी भी समझौता नहीं किया।
इंटरनेट मीडिया पर बाली को श्रद्धांजलि
स्वर्गीय जीएस बाली को चाहने वाले उनके कार्यकर्ता, मित्र, सहयोगी लगातार इंटरनेट पर उनके साथ बिताए पल याद कर रहे हैं। बीते 24 घंटे में सैकड़ों लोगों ने जीएस बाली के साथ अपनी फोटो व उनकी यादों व किस्सों को साझा किया है। इससे पता चलता है कि जीएस बाली ने जनता के लिए क्या किया था और किस तरह से आम जनमानस के मुद्दों को लेकर सदन में भिड़ जाते थे। उन्होंने कई नई चीजें शुरू करके कई उदाहरण प्रस्तुत किए और कई लोगों के युवाओं को सीधे रोजगार से जोड़ने का प्रयास किया।