कांगड़ा-मंडी सीमा पर घट्टा में भूस्खलन से चेक पोस्ट पर पेड़ गिरे, बाल-बाल बचे पुलिस जवान; एनएच बंद
रदेश में रात से लगातार बारिश जारी है। इस कारण कांगड़ा-मंडी की सीमा पर स्थापित चेक पोस्ट घट्टा पर पेड़ गिर गए इस दौरान पुलिस जवानों ने भागकर जान बचाई।
जोगेंद्रनगर, जेएनएन। प्रदेश में रात से लगातार बारिश जारी है। इस कारण कांगड़ा-मंडी की सीमा पर स्थापित चेक पोस्ट घट्टा पर पेड़ गिर गए, इस दौरान पुलिस जवानों ने भागकर जान बचाई। दरअसल यहां भूस्खलन हुआ और चीड़ के बड़े पेड़ भी धराशायी हो गए। एक पेड़ सीधा चेक पोस्ट के पास गिरा, भवन का कुछ हिस्सा क्षतिग्रस्त हुआ है। आवाज सुनकर पुलिस जवान सतर्क हो गए व सुरक्षित स्थान पर चले गए। यहां भारी भूस्खलन और पेड़ गिरने से पठानकोट-मंडी नेशनल हाईवे पर यातायात ठप हो गया। लोक निर्माण विभाग व एनएच अथॉरिटी के अधिकारियों ने मशीनरी भेजकर मार्ग बहाल करवाया। करीब तीन घंटे मार्ग पर वाहनों में लोग फंसे रहे।
राष्ट्रीय राजमार्ग के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सुबह साढ़े छह बजे के करीब यह हादसा हुआ है। घट्टा चेक पोस्ट में करीब चार जवान थे, जो पूरी तरह से सुरक्षित हैं। करीब पौने नौ बजे मार्ग से मलबा और पेड़ हटाने के बाद वाहनों में फंसे लोगों ने अपने गंतव्य की ओर रुख किया।