विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 24, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

देश व दुनिया को ग्लोबल वार्मिंग के खिलाफ संदेश देगा कॉमिक, जानिए दुनिया के सबसे ऊंचे गांव के बारे में

By Rajesh Kumar SharmaEdited By:
Published: Wed, 24 Mar 2021 01:25 PM (IST)Updated: Thu, 25 Mar 2021 08:14 AM (IST)

World Highest Village शीत मरुस्थल स्पीति घाटी अब दुनिया को ग्लोबल वार्मिंग का संदेश देगी। घाटी का कॉमिक गांव दुनिया ...और पढ़ें

शीत मरुस्थल स्पीति घाटी का कॉमिक गांव
शीत मरुस्थल स्पीति घाटी का कॉमिक गांव

मनाली, जसवंत ठाकुर। देश व दुनिया के पर्यटकों की पहली पसंद रहने वाली शीत मरुस्थल स्पीति घाटी अब दुनिया को ग्लोबल वार्मिंग का संदेश देगी। घाटी का कॉमिक गांव दुनिया में सबसे ऊंचाई पर बसे गांवों में से एक है। घाटी के पोलिंग बूथ तशीगंग को दुनिया का सबसे ऊंचाई पर बना पोलिंग बूथ का दर्जा प्राप्त है। लाहुल-स्पीति का कॉमिक गांव 15537 फीट की ऊंचाई पर बसा है। यहां करीब 20 घर हैं और 90 लोगों की आबादी है। यह गांव इतनी ऊंचाई पर है कि यहां से चीन अधिकृत तिब्बत की सीमा से सटे पहाड़ दिखाई पड़ते हैं, जो भी पर्यटक स्पीति आता है, वो इस गांव में आना नहीं भूलता।

स्नो लेपर्ड, आइबेक्स जैसे लुप्त होने वाले जीव जंतु यहां के आकर्षण का केंद्र है। ग्रामीण टशी व तंडुप ने बताया कि सभी ग्रामीण इन प्राणियों के साथ फ्रेंडली माहौल बनाए हुए हैं, जिस कारण यह प्राणी पर्यटकों को भी कभी कभार आसानी से दिख जाते हैं। उन्होंने बताया ग्रामीणों की पहल से विलुप्त हो रहे इन प्राणियों की यहां संख्या बढ़ रही है।

ग्रामीणों सहित टीएसी सदस्य राजेंद्र बौद्ध व टीएसी सदस्य पलजोर तथा पूर्व टीएसी सदस्य सोहन सिंह ने बताया शीत मरुस्थल की सुंदरता के कारण बहुत से फिल्म यूनिट यहां फिल्म बनाने आ रहे हैं। उन्होंने बताया गर्मियों में इस बार अमिताभ बच्‍चन भी बड़े बैनर तले बनने वाली फिल्म की शूटिंग को स्पीति आने वाले हैं। उन्होंने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि डायरेक्टर युवराज कुमार द्वारा बनाई फिल्म कॉमिक से देश व दुनिया के लोग दुनिया के सबसे ऊंचे गांव कॉमिक गांव सहित स्पीति घाटी के रहन सहन, खान पान व वन्य प्राणियों से रूबरू होंगे।

हिमालय पर बढ़ते ग्लोबल वॉर्मिेग पर फिल्म बन रही है, जिसमें दुनिया के सबसे ऊंचे गांव कॉमिक को ही मुख्य बिंदु बनाया गया है। हिमालय पर ग्लोबल वार्मिंग के असर को दिखाने वाली फिल्म का नाम कॉमिक है जिसका डायरेक्शन युवराज कुमार कर रहे हैं। ग्लोबल वॉर्मिंग आज का दुनिया के लिए एक गंभीर विषय बन गया है। जिसकी वजह से दुनिया के किसी हिस्से में बाढ़ की घटनाएं सुनने को मिलती ही रहती है। इस फिल्म में हिमालय की चोटियों पर फैलते ग्लोबल वॉर्मिंग के असर को दिखाया गया है।

फिल्म की कहानी के अनुसार लोग पैसे के नशे में पर्यावरण की अनदेखी कर रहे हैं। अमीर लोगों की यह महंगी गाड़ियां हिमालय को भी नुकसान पहुंचा रही हैं। जिसकी वजह से ग्लोबल वार्मिंग हो रही है और हिमालय पर भूस्खलन जैसी घटनाएं हो रही हैं। फिल्म कहानी में कुछ युवा महंगी गाड़ियों का त्याग कर साइकिल को प्राथमिकता देते हैं और साइकिल को खेल से जोड़कर अपने देश का इन खेलों में प्रतिनिधित्व भी करते हैं। साथ ही पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने वाले वाहनों को त्याग कर इको फ्रेंडली साधनों के इस्तेमाल का संदेश देते हैं।

फिल्म में दिखाई देंगे ये कलाकार

फिल्म में जय कुमार, सिद्धार्थ, तनीषा मीरवानी, वेंकटेश पांडे और रिव्या राय ने अभिनय किया है, जबकि युवराज कुमार ने फिल्म का निर्माण एटलांटिक फिल्म्स के बैनर तले किया है। फिल्म की मार्केटिंग लैविस्का मीडिया के सौरभ जैन कर रहे हैं। युवराज कुमार का कहना है कि फिल्म कॉमिक नए ट्रेंड को शुरू करेगी और हमें ग्लोबल वार्मिंग से लड़ने में मदद करेगी। फिल्म की शूटिंग हिमाचल प्रदेश में हुई है। फिल्म का उद्देश्य हमारे ग्रह को इस विपत्ति से बचाने के लिए तुरंत कोई एक्शन लेने का संदेश देना है। फिल्म में युवा हमें हमारी पृथ्वी को बचाने का रास्ता दिखाते हैं। यह संदेश देती हुई एक अच्छी मनोरंजक फिल्म है।