उपचुनाव पर बोले राजीव भारद्वाज: जीत तय है मार्जिन बढ़ाने के लिए कर रहे काम; बागियों पर कही बड़ी बात
राजीव भारद्वाज केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं व नीतियों के बलबूते धर्मशाला व पच्छाद विधानसभा क्षेत्रों में हो रहे उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशियों की जीत के प्रति आश्वस्त हैं।
धर्मशाला, जेएनएन। कांगड़ा केंद्रीय सहकारी बैंक के चेयरमैन डॉ. राजीव भारद्वाज केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं व नीतियों के बलबूते धर्मशाला व पच्छाद विधानसभा क्षेत्रों में हो रहे उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशियों की जीत के प्रति आश्वस्त हैं। उनका मानना है कि दोनों प्रत्याशियों की जीत तय है लेकिन वे मार्जिन बढ़ाने के लिए काम कर रहे हैं। दैनिक जागरण प्रेस परिसर में आए डॉ. राजीव भारद्वाज ने इस दौरान कई मुद्दों पर बेबाक राय रखी। उनके अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देश को एक सूत्र में पिरोया है। बागियों को अति महत्वाकांक्षी बताते हुए उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता को देने वाला होना चाहिए, मांगने वाला नहीं। प्रस्तुत हैं संपादकीय टीम के साथ उनसे हुई बातचीत के प्रमुख अंश :
संघ से सीखा सेवाभाव
तीस साल से पार्टी की सेवा में जुटे राजीव भारद्वाज का कहना है कि संघ (आरएसएस) ने हमें सिर्फ सेवा भाव सिखाया है। मैंने कभी किसी पद की लालसा नहीं रखी, इसलिए सेवा को ही अपना धर्म माना है।
प्रतिबद्ध रहें पार्टी कार्यकर्ता
पार्टी के प्रति त्याग और प्रतिबद्धता ही कार्यकर्ताओं का संकल्प होना चाहिए। संगठन के प्रति प्रतिबद्धता ही आपकी पार्टी के प्रति पूंजी है। ईमानदारी से किए गए प्रयास कभी बेकार नहीं जाते हैं।
हम ही जीतेंगे
चुनाव परिणाम पर उन्होंने धर्मशाला और पच्छाद में बड़ी जीत दर्ज करने का दावा किया। कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की नीतियों से पार्टी की जीत तय है। कार्यकर्ता तो जीत का मार्जिन बढ़ाने के लिए काम कर रहे हैं।
भाजपा में आंतरिक लोकतंत्र
धर्मशाला उपचुनाव में भाजपा टिकट के लिए उनका नाम सामने आने के सवाल पर कहते हैं कि भाजपा में आंतरिक लोकतंत्र है, पार्टी का शीर्ष नेतृत्व जो फैसला लेता है उसे सब मानते हैं। कांग्र्रेस की तरह भाजपा में टिकट के लिए आवेदन की आवश्यकता नहीं होती है। शीर्ष नेतृत्व आकलन करने के बाद कार्यकर्ता का टिकट तय करता है।
बागी अतिमहत्वाकांक्षी
पच्छाद में पार्टी में बगावत के सुर बढऩे पर डॉ. भारद्वाज कहते हैं कि राजनीति में महत्वाकांक्षा होना सही है, लेकिन कुछ लोग अति महत्वाकांक्षी होते हैं। जल्द सब कुछ पाने के चक्कर में कई बार ऐसी स्थितियां उत्पन्न होती हैं।
मोदी ने एक किया देश
आज तक हम भारत की एकता की बात करते रहते हैं, लेकिन मोदी सरकार ने भारत को एक करके दिखाया है। पहले एक कर यानी जीएसटी (वस्तु एवं सेवाकर) लागू करके दिखाया। अब बड़ा साहसिक निर्णय लेकर जम्मू-कश्मीर से अनुछेच्द 370 को हटाकर साहस दिखाया। जम्मू-कश्मीर भी देश के साथ विकास के पथ पर बराबर आगे बढ़ेगा। प्रदेश में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में हर क्षेत्र का सर्वांगीण विकास किया जा रहा है।
युवा पीढ़ी सक्षम
युवा पीढ़ी देश को आगे ले जाने में सक्षम है। कुछ अर्से से देश की राजनीति में आया बदलाव इस बात का संकेत है कि आने वाला समय युवाओं का ही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की राष्ट्रवादी नीतियों के कारण ही युवाओं में ऐसा बदलाव आया है। केंद्र की भाजपा नीत सरकार ने कई साहसिक निर्णय लेकर यह बताने का प्रयास किया है उनके लिए देश सर्वोपरि है।
विपक्षी मैदान छोड़ गए
धर्मशाला से पूर्व मंत्री सुधीर शर्मा के चुनाव मैदान से हटने के बारे में उन्होंने कहा कि बिखरा विपक्ष मैदान छोड़कर भाग रहा है। इससे ही पता चल जाता है कि प्रदेश की भाजपा सरकार की लोकप्रियता किस तरह बढ़ती जी रही है। धर्मशाला में टिकट के लिए जातीय समीकरणों पर डॉ. राजीव कहते हैं कि मोदी सरकार जातीय चक्र तोडऩे की दिशा में ही काम कर रही है।