दुबई में कांगड़ा के युवक की हत्या, एक महीने बाद इस तरह घर पहुंचाया शव Kangra News
Kangra Youth Murder in Dubai जसवां परागपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत गांव बठरा के 23 वर्षीय युवक मनोज कुमार की एक माह पहले शारजाह में हत्या हो गई थी।
जसवां परागपुर/डाडासीबा, जेएनएन। जसवां परागपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत गांव बठरा के 23 वर्षीय युवक मनोज कुमार की एक माह पहले शारजाह में हत्या हो गई थी। मनीष कुमार का शव सोमवार को घर पहुंचा। नम आंखों के साथ सैकड़ों लोगों ने अंतिम विदाई दी। अंतिम संस्कार में उद्योग मंत्री बिक्रम ठाकुर भी पहुंचे। करीब आठ माह पहले मनोज कुमार जो कि बठरा पंचायत के उपप्रधान का बेटा था, शारजाह (दुबई) में रोजगार के लिए गया था। पहली दिसंबर को शारजाह टैक्सी कंपनी में कार्यरत मनोज कुमार के साथ अज्ञात लोगों ने लड़ाई झगड़ा किया तथा मारपीट कर टांगें, पसलियां तथा रीढ़ की हड्डी तोड़ दी थी।
मनोज कुमार ने शारजाह के अस्पताल में दस नवंबर को दम तोड़ दिया था। इसके बाद मनोज कुमार के पिता जय सिंह अपने एक साथी सुनील भारद्वाज बनखंडी के साथ शारजाह पहुंचे, लेकिन एक महीने तक उन्हें बेटे का शव नहीं दिया गया। कार्रवाई पूरी होने के उपरांत रविवार को मनोज कुमार का शव अमृतसर एयरपोर्ट लाया गया।
शारजाह से अमृतसर तक शव पहुंचाने में सरबत का भला ट्रस्ट के चेयरमैन एसपी सिंह ओबराय का परिवार को सहयोग मिला। जय सिंह ने बताया कि केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर और उद्योग मंत्री बिक्रम ठाकुर के साथ राष्ट्रीय शिवसेना हिंद के अध्यक्ष निशांत शर्मा ने हरसंभव सहयोग प्रदान किया। उद्योग मंत्री बिक्रम ठाकुर और केंद्रीय राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर ने शोक व्यक्त किया है।