विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कटरा से आ रही HRTC बस में सवार युवकों से चिट्टा बरामद, शाहपुर के चंबी में हिमाचल पुलिस की कार्रवाई

By Neeraj Vyas Edited By: Rajesh Sharma
Published: Sun, 16 Aug 2026 02:18 PM (IST)

हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में पुलिस ने HRTC बस से दो युवकों को 20.74 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार ...और पढ़ें

शाहपुर के चंबी में चिट्टे के साथ पकड़े युवक। सौ. पुलिस

शाहपुर के चंबी में चिट्टे के साथ पकड़े युवक। सौ. पुलिस

HighLights

  1. कांगड़ा में दो युवक चिट्टे के साथ पकड़े गए।

  2. पुलिस ने 20.74 ग्राम चिट्टा बरामद किया है।

  3. HRTC बस में शाहपुर के चंबी से हुई गिरफ्तारी।

जागरण संवाददाता, धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा में पुलिस की सीआईए टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दो युवकों को चिट्टे समेत पकड़ा है। टीम ने शाहपुर थाना क्षेत्र के तहत चंबी पुराने पुल के समीप नाकाबंदी की हुई थी, इस दौरान हिमाचल पथ परिवहन निगम की बस में सवार दो युवकों से 20.74 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। पुलिस ने नशीले पदार्थ के साथ दोनों युवकों को गिरफ्तार किया है।

कटरा से संधोल जा रही बस में सवार थे दोनों

पुलिस के अनुसार 16 अगस्त को सीआईए टीम ने चंबी के पुराने पुल के समीप नाकाबंदी की थी। इसी दौरान कटरा से संधोल जा रही एचआरटीसी की बस नंबर एचपी-67-7395 को जांच के लिए रोका गया। बस में सवार दो संदिग्धों की तलाशी लेने पर उनके कब्जे से 20.74 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद हुआ।

बस टिकट भी कब्जे में लिए

पुलिस ने प्रतिबंधित नशीले पदार्थ के साथ बस के टिकटों को भी कब्जे में ले लिया और दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के खिलाफ थाना शाहपुर में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पंजाब के अमृतसर निवासी हैं दोनों

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान 19 वर्षीय साहिल निवासी गांव व डाकघर चविंडा देवी, तहसील मजीठा, थाना कथूनंगल, जिला अमृतसर और 25 वर्षीय आलोक कुमार निवासी गांव व डाकघर चविंडा देवी, तहसील मजीठा, थाना कथूनंगल, जिला अमृतसर पंजाब के रूप में हुई है।

पुलिस खंगाल रही नेटवर्क

पुलिस ने दोनों आरोपितों को हिरासत में लेकर मामले की आगामी जांच शुरू कर दी है। जांच के दौरान पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद चिट्टा कहां से लाया गया था और इसकी आपूर्ति कहां की जानी थी। पुलिस नशे की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।

नूरपुर में 320 ग्राम चरस के साथ पकड़ा युवक

उधर, पुलिस जिला नूरपुर की सीआईए टीम ने मुग्तयाल भलेटा में कार्रवाई करते हुए 320 ग्राम चरस सहित एक आरोपित को गिरफ्तार किया। मामले की जानकारी देते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धर्म चंद वर्मा ने बताया कि टीम ने रोहित कुमार गांव मुग्तयाल, डाकघर भलेटा, तहसील नूरपुर, जिला कांगड़ा के रिहायशी मकान में दबिश देकर खेप पकड़ी है। आरोपित ने चरस कमरे में डबल बेड के गद्दे के नीचे छिपाकर रखी थी।