विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हिमाचल के धर्मकोट में रेव पार्टी, पुलिस ने मारा छापा; पहले भी हो चुकी है आयोजित

Published: Mon, 14 Sep 2026 10:01 PM (IST)

कांगड़ा पुलिस ने धर्मशाला के अप्पर धर्मकोट स्थित ईडीएम हॉस्टल में चल रही रेव पार्टी का भंडाफोड़ किया। छापेमारी में चार तरह के नशीले पदार्थ बरामद हुए।

धर्मकोट में फिर रेव पार्टी का पर्दाफाश।

धर्मकोट में फिर रेव पार्टी का पर्दाफाश।

HighLights

  1. पुलिस ने अप्पर धर्मकोट के ईडीएम हॉस्टल में रेव पार्टी पकड़ी

  2. छापेमारी में चिट्टा, अफीम, चरस और गांजा जैसे नशीले पदार्थ मिले

  3. हॉस्टल संचालक सहित दो लोगों पर एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज

जागरण संवाददाता, धर्मशाला। पर्यटन नगरी धर्मशाला के अप्पर धर्मकोट में नशे के खिलाफ कांगड़ा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए इलेक्ट्रानिक डांस म्यूजिक (ईडीएम) हॉस्टल, होटल में रात को चल रही कथित रेव पार्टी का पर्दाफाश किया है। मैक्लोडगंज थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर 13 और 14 सितंबर की मध्यरात्रि बाद 3 बजे को हॉस्टल में दबिश दी।

तलाशी के दौरान पुलिस ने एक साथ चार तरह के नशीले पदार्थ बरामद किए। कार्रवाई के बाद पुलिस ने हॉस्टल के लीजधारक सहित दो लोगों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपितों में आमिर खान (35), निवासी हाउस नंबर 10 न्यू कच्ची मस्जिद, पुलिस स्टेडियम, तहसील शाहजहानाबाद जिला रायसेन भोपाल, मध्य प्रदेश और वर्तमान में अप्पर धर्मकोट क्षेत्र में रह रहा था तथा राधेश रंजन पजोरिया (37), निवासी हाउस-2ब, विक्रम नगर, रावतभाटा चित्तौड़गढ़, राजस्थान, ईडीएम हॉस्टल का लीजधारक व मालिक बताया गया है, उसके खिलाफ मामला दर्ज किया है।

पुलिस के अनुसार अपर धर्मकोट स्थित ईडीएम हॉस्टल में रेव पार्टी आयोजित किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना को पुख्ता करने के बाद पुलिस टीम ने 14 सितंबर की तड़के 3 बजे हॉस्टल परिसर में दबिश दी। तलाशी के दौरान 0.95 ग्राम चिट्टा, 3.7 ग्राम अफीम, 1.33 ग्राम चरस और 1.54 ग्राम गांजा (कैनबिस के फूल) बरामद किया गया।

तकरीबन पार्टी पूरी हो चुकी थी व अंतिम चरण में थी। पुलिस ने कूड़ेदान के पास काले बैग से नशे के पदार्थ बरामद करने में सफलता हासिल की। पुलिस की इस कार्रवाई से पार्टी में चल रही गतिविधियों पर तत्काल रोक लगी। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान मौके से जुड़े 15 लोगों का मेडिकल परीक्षण भी करवाया। रेड के दौरान डीआईजी सौम्या सांवशिवन सहित पुलिस अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

बंद ऑनलाइन ग्रुपों में हो रहा था पार्टी का प्रचार

प्रारंभिक जांच में पुलिस को पता चला है कि ईडीएम हॉस्टल में 13 और 14 सितंबर को रेव पार्टी आयोजित की जा रही थी। इसके प्रचार के लिए इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म और बंद ऑनलाइन ग्रुपों का इस्तेमाल किया जा रहा था। पुलिस ने पार्टी से संबंधित पोस्ट के स्क्रीनशाट और अन्य डिजिटल साक्ष्य जुटाए हैं। इनकी जांच और सत्यापन किया जा रहा है। शार्ट माई सीन गेट वे सीईएनडी के तहत ऑनलाइन भुगतान हुआ है।

धर्मकोट में एक माह के बीच रेव पार्टी का दूसरा मामला पकड़ा

धर्मकोट में 23 अगस्त को रेव पार्टी में पुलिस ने रेड की थी और नशा बरामद किया था। पुलिस ने 1.25 ग्राम चिट्टा, 25.94 ग्राम चरस, 5.35 ग्राम भांग व 19 कैन वियर के जंगल कैफे धर्मकोट में पकड़े थे और दो लोगों को गिरफ्तार किया गया था व नोटिस सर्व किया गया था। इसके बाद अब एक ओर रेव पार्टी पर पुलिस ने रेड की है।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद नशा कहां से लाया गया था और रेव पार्टी के आयोजन में अन्य कौन-कौन लोग शामिल थे। डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर भी जांच आगे बढ़ाई जा रही है। नशे की खरीद, कब्जे, आपूर्ति, वितरण और सेवन के साथ-साथ नशे से जुड़ी गतिविधियों को बढ़ावा देने या उनके लिए मंच उपलब्ध करवाने वालों के खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी। नशे के इस्तेमाल के लिए होटलों, हॉस्टलों या अन्य प्रतिष्ठानों का उपयोग किए जाने की शिकायतों पर भी पुलिस की नजर रहेगी। -संजीव चौहान, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, कांगड़ा