संवाद सहयोगी, जयसिंहपुर: उपमंडल जयसिंहपुर के अंतर्गत कंगैहन स्कूल के सामने डंगे के साथ 43 वर्षीय व्यक्ति का शव मिला है। ज्योति प्रकाश चढियार के कच्चा खूह गांव का रहने वाला था। वह पत्नी व दो बच्चों के साथ ससुराल में शादी समारोह में भाग लेने आया था।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल पालमपुर भेज दिया। सोमवार सुबह कंगैहन स्कूल के सामने किसी व्यक्ति ने उसे अचेत अवस्था में पड़े देखा और पंचायत उपप्रधान सुनील राणा को सूचना दी। उपप्रधान ने पुलिस सूचित किया।
ससुराल से एक किलोमीटर दूर मिला शव
आलमपुर पुलिस चौकी से एएसआइ अनूप कुमार व डीएसपी बैजनाथ एलएम शर्मा मौके पर पहुंचे। व्यक्ति की मौत हो चुकी थी। बताया जाता है कि ज्योति प्रकाश दोपहर को ससुराल से घूमने के लिए निकला था। जब वह घर नहीं लौटा तो ससुराल वालें उसे ढूंढने निकले।
रात को ससुरालवालों ने उसकी तलाश की लेकिन पता नहीं चला। सुबह ससुराल के घर से एक किलोमीटर दूर कंगैहन स्कूल के सामने उसका शव मिला। डीएसपी एलएम शर्मा ने बताया कि मृतक के स्वजन ने किसी पर शक नहीं जताया है।
यह भी पढ़ें - Shimla News: हिमाचल में भांग की खेती के लिए बनेगी नीति, किया जा रहा वैध
कूहल में गिरने से नागनपट्ट के व्यक्ति की मौत
संवाद सहयोगी, गगल: सोमवार रात एक व्यक्ति की कूहल में गिरने से मौत हो गई। 45 वर्षीय बलदेव राज नागनपट्ट का रहने वाला था। वह वर्षा के बीच समारोह में बैंड बजाने जा रहा था और कूहल में गिर गया।
नागनपट्ट पंचायत प्रधान रेखा देवी ने बताया कि घायल व्यक्ति को धर्मशाला अस्पताल ले जाया गया। यहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस थाना गगल के प्रभारी केसर सिंह ने बताया कि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें - Una, dowry harassment: महिला व बेटी के साथ मारपीट व गालीगलौच, पति समेत चार लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज