मीना हत्या मामला: फोन पर बात करने को लेकर हुई थी ससुर से बहस, विदेश भागने की फिराक में थे आरोपित
Kangra Meena Murder case कांगड़ा की मीना की हत्या की पुलिस जांच के बाद अब परतें उधडऩे लगी हैं।
कांगड़ा, जेएनएन। कांगड़ा की मीना की हत्या की पुलिस जांच के बाद अब परतें उधडऩे लगी हैं। मीना को प्रताडि़त करने का सिलसिला तो कई दिन से चल रहा था, लेकिन रविवार को मीना ने अपनी मां से बात की थी। इस पर उसके ससुर धर्मपाल ने एतराज जताया था। दोनों में खूब बहस हुई थी। आसपास के लोगों ने झगडऩे की आवाजें सुनी थी। लोगों ने सोचा की किरायेदार हैं। धर्मपाल का परिवार समेला से आकर सदरपुर में बसा है। इस कारण उनका यहां के लोगों से ज्यादा बोलचाल नहीं थी।
उसकी बहू मीना को भी गांववासी नहीं जानते थे। उसको किसी के साथ बात करने की इजाजत नहीं थी। वह अपने मायके वालों से भी खुलकर बात नहीं कर सकती है। धर्मपाल ने इतनी बेरहमी से मीना की पिटाई की थी कि बैट के दो टुकड़े हो गए थे। इसके बाद उसने मीना को छत से फेंक दिया था।
पुलिस की सख्ती के बाद धर्मपाल ने मीना की हत्या की बात कबूली है। डीएसपी कांगड़ा सुनील राणा ने बताया कि दो फरवरी को सायं मीना घर की छत से अपनी मां से बात कर रही थी। इस दौरान धर्मपाल पानी की टंकी जांचने आ गया। उसने मीना से सवाल किया कि किससे बात कर रही हो। इस पर दोनों में बहस हो गई। इससे वह आगबबूला हो गया। छत से आकर उसने बैट उठाया। फिर छत पर जाकर मीना पर हमला कर दिया। इस पर मीना बेहोश हो गई। इस दौरान उसने सिर व मीना के शरीर के अन्य हिस्सों में बैट मारा। जब वह अधमरी हो गई तो उसने इसे हादसा दिखाने के लिए उसे छत से नीचे फेंक दिया। इससे मीना की गर्दन की हड्डी व बाजू भी टूट गई और मौके पर ही मौत हो गई।
धर्मपाल ने इसे हादसा दिखाने के लिए शोर मचाया कि मीना नीचे गिर गई है। इससे आसपास के लोग एकत्रित हुए और उसे डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले गए, जहां डाक्टरों ने मीना को मृत घोषित कर दिया। इस दौरान धर्मपाल वहां से गायब हो गया और घर आकर बैट को खेतों में फेंक दिया। मीना को मारने के दौरान पहने कपड़े भी बदले और उन्हें गायब कर दिया। पुलिस इस मामले में मीना की सास व पति की भूमिका की जांच कर रही है।
कैसे करवाई लिंग जांच, बड़ा प्रश्न
मीना के मायके वालों का आरोप है कि जब उसके ससुराल वालों को पता चला था कि उसके गर्भ में बच्ची है तबसे उस पर अत्याचार बढ़ गए थे। अब प्रश्न यह उठता है कि ससुरालियों ने लिंग जांच कहां करवाई थी। मीना का ससुर चंडीगढ़ स्वास्थ्य विभाग से सेवानिवृत्त हुआ है। मायके वालों के मुताबिक उसने चंडीगढ़ में ही अवैध तरीके से लिंग जांच करवाई थी। लिंग जांच कराना गैर कानूनी है। ऐसे में मीना के ससुर के खिलाफ इसके तहत भी कार्रवाई हो सकती है।
विदेश भागने की फिराक में थे आरोपित
सूत्र बताते हैं कि मीना के ससुराली विदेश भागने की फिराक में थे। चार फरवरी की हवाई यात्रा की तीन टिकटें बुक थी। साजिश के तहत मीना की हत्या की, लेकिन आसपास के लोगों को पता चलने के कारण उनका खेल बिगड़ गया। पड़ोसियों ने बताया कि आस्ट्रेलिया में धर्मपाल की बेटी रहती है। बहू को ठिकाने लगाने के बाद पूरा परिवार वहां भागने की फिराक में था। डीएसपी कांगड़ा सुनील राणा ने बताया कि इस तथ्य को भी खंगाला जाएगा।