विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हिमाचल के कांगड़ा एयरपोर्ट पर मिला नीले रंग का लावारिस बैग, प्रशासन ने खाली करवाया परिसर; रनवे पर रोका विमान

By Digital Desk Edited By: Rajesh Sharma
Published: Sat, 11 Apr 2026 11:48 AM (IST)Updated: Sat, 11 Apr 2026 11:57 AM (IST)

कांगड़ा एयरपोर्ट पर सुबह एक लावारिस नीले बैग मिलने से हड़कंप मच गया। प्रशासन ने तुरंत परिसर खाली करवाकर सुरक्षा बढ़ा दी और दिल्ली से आने वाली फ्लाइट रोक दी।

कांगड़ा हवाई अड्डे पर मिला लावारिस बैग। जागरण

कांगड़ा हवाई अड्डे पर मिला लावारिस बैग। जागरण

HighLights

  1. कांगड़ा एयरपोर्ट पर वॉशरूम में मिला लावारिस नीला बैग।

  2. सुरक्षा कारणों से एयरपोर्ट खाली कराया, दिल्ली फ्लाइट रोकी गई।

  3. जांच में यात्री का छूटा बैग निकला, तीन घंटे बाद सामान्य।

जागरण टीम, गगल (कांगड़ा)। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा एयरपोर्ट पर सुबह 8:30 बजे के करीब एयरपोर्ट के वॉशरूम में एक नीले रंग का लावारिस बैग मिला। इस घटना के बाद एयरपोर्ट में हड़कंप मच गया। एयरपोर्ट प्रशासन ने परिसर को खाली करवा दिया और आसपास सिक्योरिटी को तैनात कर दिया गया।

बम स्क्वाड की टीम ने बैग को वॉशरूम से निकालकर बाहर रखा और इसकी गहनता से जांच की गई। सुरक्षा कर्मियों द्वारा बैग को उठाने के बजाय रस्सी से खींचकर कैंपस में लाया गया। 

दूसरी फ्लाइट नौ बजे के करीब आती है, जिसे दिल्ली में ही रोक दिया गया। एयरपोर्ट के अंदर मौजूद यात्रियों सहित अन्य लोगों को तुरंत बाहर निकाल दिया गया।

प्रारंभिक जांच में क्या आया ससामने

बताया जा रहा है कि यह बैग एक यात्री का था, जो वॉशरूम में रह गया था। सुबह साढ़े 8 से साढ़े 11 बजे तक एयरपोर्ट पर सब कुछ थम गया था। बैग की जांच पड़ताल होने के बाद दिल्ली से फ्लाइट कांगड़ा के लिए आई। 

कांगड़ा से होती हैं पांच उड़ानें

कांगड़ा एयरपोर्ट पर एयर इंडिया और स्पाइस जेट की पांच उड़ाने आती हैं। अभी 15 अप्रैल के बाद टूरिस्ट सीजन शुरू होने जा रहा है, ऐसे में यहां काफी भीड़ रहती है। इन दिनों भी पर्यटक व अन्य लोग काफी संख्या में फ्लाइट के माध्यम से पहुंच रहे हैं। 

आधा घंटा रनवे पर रुका रहा विमान

स्पाइस जेट का विमान आंधे घंटे तक रनवे पर रोके रखा गया। यह अटैची सर्वनन मानिबेल निवासी चेन्नई का था, जो शनिवार सुबह दिल्ली से इंडिगो की फ्लाइट में गगल पहुंचा था। हवाई अड्डा परिसर में वह अपने अटैची को लेकर वाशरूम की तरफ गया और गलती से वहीं छोड़कर चला गया।

क्या कहते हैं एयरपोर्ट सुरक्षा प्रभारी

हवाई अड्डा गगल के सुरक्षा प्रभारी अश्वनी कुमार ने बताया कि एक यात्री द्वारा गलती से अपने अटैची को हवाई परिसर में वाशरूम में छोड़ गया था। जांच के बाद अटैची में कुछ भी संदिग्ध नहीं पाया गया है। अटैची को उसके मालिक को सौंपा गया है। वहीं उसे यह हिदायत भी गई है कि भविष्य में वह इस तरह की लापरवाही न बरते।

यह भी पढ़ें: शिमला श्रीराम मंदिर हॉल में निकाह रिसेप्शन पर विवाद, पुलिस ने हाउस अरेस्ट किए हिंदू संघर्ष समिति के नेता