Kangana Ranaut: मनाली में 16 दिन बिताने के बाद कल शूटिंग के लिए रवाना होंगी कंगना, मुंबई भी जाएंगी
Kangana Ranaut मुंबई प्रकरण के बाद लंबे समय से मनाली में ही रह रही बाॅलीवुड अभिनेत्री कंगना रनोट वीरवार को फिल्म थलाइवी की शूटिंग के लिए हैदराबाद रवाना होंगी। इस दौरान उनके मुंबई जाने की भी संभावना है।
मंडी, जागरण संवाददाता। मुंबई प्रकरण के बाद लंबे समय से मनाली में ही रह रही बाॅलीवुड अभिनेत्री कंगना वीरवार को फिल्म थलाइवी की शूटिंग के लिए हैदराबाद रवाना होंगी। इस दौरान उनके मुंबई जाने की भी संभावना है। 14 सितंबर को मुंबई से लौटने के बाद कंगना 16 दिन से मनाली में ही रुकी हुई थीं। फिल्म थलाइवी की शूटिंग लॉकडाउन के कारण रोक दी गई थी, इसमें कंगना जयललिता की भूमिका निभा रही हैं। फिल्म शूटिंग के बाद कंगना मुंबई रवाना हो सकती हैं। कंगना वीरवार को हिमाचल के मनाली से कड़ी सुरक्षा के बीच चंडीगढ़ से हैदराबाद को रवाना होंगी।
कंगना और उनके माता-पिता 14 सितंबर के बाद से मनाली में ही रह रहे थे। अब पिता अमरदीप सिंह, माता आशा देवी बुधवार को मनाली से वापस अपने घर सरकाघाट के लिए रवाना हुए। पिता अमरदीप ने बताया कंगना वीरवार सुबह मनाली से हैदराबाद के लिए रवाना होंगी। यहां पर सप्ताह भर फिल्म की शूटिंग चलेगी। इस दौरान परिवार का कोई सदस्य उनके साथ नहीं होगा। कंगना की बहन रंगोली पहले ही मनाली से जा चुकी है।
बता दें कि बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत मौत मामले में आवाज उठाने के बाद कंगना व शिव सेना नेता संजय राऊत के बीच विवाद छिड़ गया था। इस बीच परिवार की ओर से कंगना की जान को खतरा बताकर केंद्र व हिमाचल सरकार से सुरक्षा की मांग की गई थी। इसके बाद केंद्र सरकार ने कंगना को वाई श्रेणी की सुरक्षा भी प्रदान कर दी, जबकि हिमाचल सरकार ने पुलिस के जवान कंगना की सुरक्षा में लगा दिए।
इस विवाद के बीच बीएमसी ने कंगना के कार्यालय पर दो दिन में ही बड़ी कार्रवाई कर दी। इसके बाद मामले और तूल पकड़ लिया व कार्रवाई को बदले की भावना से लिया हुआ एक्शन बताया गया। इसके बाद से लगातार कंगना सुर्खियों में थी और मुंबई से लौटने के बाद मनाली में ही रुकी थीं।