ज्वालामुखी पुलिस ने श्रद्धालुओं को बांटे सैनिटाइजर और मास्क
हिमाचल प्रदेश पुलिस महानिदेशक संजय कुंडू व जिला पुलिस अधीक्षक कांगड़ा विमुक्त रंजन के निर्देश पर डीएसपी ज्वालामुखी तिलक राज और थाना प्रभारी ज्वालामुखी मनोहर चौधरी के नेतृत्व में पुलिस का अलग अंदाज शुक्रवार को देखने को मिला।
ज्वालामुखी, संवाद सहयोगी। हिमाचल प्रदेश पुलिस महानिदेशक संजय कुंडू व जिला पुलिस अधीक्षक कांगड़ा विमुक्त रंजन के निर्देश पर डीएसपी ज्वालामुखी तिलक राज और थाना प्रभारी ज्वालामुखी मनोहर चौधरी के नेतृत्व में पुलिस का अलग अंदाज देखने को मिला। शुक्रवार को ज्वालामुखी मुख्य मंदिर मार्ग पर मुख्य आरक्षी शुभ लता और प्रेम लता ने मंदिर में दर्शन करने के लिए आए यात्रियों को मास्क और सैनिटाइजर वितरित किए। मंदिर जा रहे यात्रियों के हाथ सैनिटाइजर से साफ करवाए गए उनको शारीरिक दूरी के नियम का पालन करने के लिए जागरूक किया गया। परिवार की सुरक्षा खुद करने के लिए उनको प्रेरित किया गया। इस मौके पर स्थानीय लोगों को भी पुलिस का यह संदेश बहुत भाया। नए साल में नए और निराले अंदाज में पुलिस ने आज किसी का चालान नहीं किया बड़े विनम्र तरीके से बिना मास्क के मंदिर जा रहे यात्रियों को रोका और बड़े अदब के साथ उनको मास्क देकर उनके हाथ सैनिटाइज किए और उनको शारीरिक दूरी का पालन करते हुए माता के दर्शन करने के लिए प्रेरित किया। स्थानीय लोगों ने पुलिस के इस अभियान की जोरदार सराहना की है और निकट भविष्य में भी इस प्रकार के अभियान जारी रखने की अपील की है।
द्रोणाचार्य कॉलेज योल में नववर्ष पर हवन यज्ञ का आयोजन
उधर, नववर्ष के अवसर पर द्रोणाचार्य कॉलेज ऑफ नर्सिंग योल छावनी में हवन यज्ञ का आयोजन किया गया । इसमें कॉलेज प्रबंधन के साथ प्रशिक्षु नर्सो ने यज्ञ में पूर्णाहुति डाली। इस मौके पर कॉलेज के प्राचार्य राम कुमार गर्ग और प्रबंधक वीएन रैणा मौजूद रहे।