Jubbal Kotkhai By Election: भाजपा कल से जुब्बल-कोटखाई में देगी चुनाव प्रचार को धार, ये नेता जुटेंगे
Jubbal Kotkhai By Election भाजपा प्रत्याशी नीलम सरैइक के पक्ष में प्रचार के लिए पार्टी के वरिष्ठ नेता सप्ताह के अंत तक जुब्बल-कोटखाई पहुंच सकते हैं। इसमें मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर व प्रदेश भाजपा प्रभारी अविनाश राय खन्ना भी शामिल हैं।
शिमला, जागरण संवाददाता। Jubbal Kotkhai By Election, भाजपा प्रत्याशी नीलम सरैइक के पक्ष में प्रचार के लिए पार्टी के वरिष्ठ नेता सप्ताह के अंत तक जुब्बल-कोटखाई पहुंच सकते हैं। इसमें मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर व प्रदेश भाजपा प्रभारी अविनाश राय खन्ना भी शामिल हैं। इसके लिए पार्टी प्रबंधन ने कार्यक्रम तैयार करना शुरू कर दिया है। 22 से 24 अक्टूबर तक लगातार भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में रैलियां करने के लिए वरिष्ठ नेता पहुंचेंगे। इस दौरान पार्टी की रणनीति पर भी नजर रहेगी। पार्टी किस तरह बागी नेता पर हमला करती है, कैसे कांग्रेस को निशाना बनाती है, इस पर सबकी नजर होगी।
पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का जुब्बल-कोटखाई में पांच दिन का कार्यक्रम रखा है। 22, 23 व 24 अक्टूबर को मुख्यमंत्री व केंद्रीय मंत्री यहां प्रचार करेंगे। इसके बाद प्रदेश भाजपा प्रभारी दो दिन जुब्बल-कोटखाई में रहेंगे। अभी तक यहां शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज ने ही मोर्चा संभाल रखा है। वह लगातार पहले दिन से प्रचार में जुटे हुए हैं। बुधवार को भाजपा सह प्रभारी संजय टंडन ने यहां चुनावी जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने लोगों से भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करने की अपील की। इस मौके पर प्रदेश भाजपा संगठन मंत्री पवन राणा भी मौजूद रहे।
बलबीर चौधरी ने ब्रिगेडियर खुशाल के लिए मांगे वोट
रामपुर बुशहर। चिंचतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र के विधायक बलवीर चौधरी व जोन के प्रभारी नरेश चौहान ने ब्रिगेडियर खुशाल के लिए जिला शिमला के रामपुर के बूथ पल्जारा, पई, नरेन, नहेरा, बाहली में प्रचार किया। बलबीर चौधरी ने कहा कि जनता ने इस बार के चुनाव में परिवारवाद को खत्म करने का इरादा बनाया है। प्रचार में प्रमुख रूप से नरेन व बाहली पंचायत के प्रधान व उपप्रधान भी शामिल रहे। बलवीर चौधरी ने प्रदेश व केंद्र सरकार की योजनाओं को घर-घर ले जाने का हर कार्यकर्ता से आह्वान किया। नरेश चौहान ने कहा कि भाजपा मैदान में जुट गई है।