जेपी नड्डा और अनुराग ठाकुर ने इस तरह मनाई दिवाली, देखिए तस्वीरों में
भाजपा के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश में घर पर पहुंचकर दिवाली मनाई।
हमीरपुर/घुमारवीं, जेएनएन। भाजपा के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश में घर पर पहुंचकर दिवाली मनाई। जेपी नड्डा ने बिलासपुर जिला के विजयपुर स्थित आवास पर परिवार के साथ दिवाली मनाई। हरियाणा में शपथ समारोह के बाद रविवार शाम नड्डा घर पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने विधि विधान के साथ पूजा कर फुलझड़ी भी जलाई। नड्डा ने परिवार सहित सिर्फ फुलझड़ी ही चलाई, उन्होंने आतिशबाजी से दूरी बनाए रखी। जेपी नड्डा ने पिता नारायण लाल नड्डा पूर्व कुलपति रांची यूनिवर्सिटी से आशीर्वाद भी लिया। इस दौरान पत्नी डॉक्टर मल्लिका नड्डा, पुत्र गरीश नड्डा, हरीश नड्डा, भाई जगत भूषण नड्डा व उनका परिवार भी साथ रहा।
उधर, केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री अनुराग ठाकुर ने समीरपुर में परिवार समेत दिवाली का पर्व मनाया। घर में विधि विधान के साथ पूजा की। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल व उनकी मां शीला धूमल व छोटे भाई बीसीसीआइ कोषाध्यक्ष अरुण धूमल ने पूजा अर्चना कर दीपपर्व मनाया।
अनुराग ठाकुर और अरुण धूमल ने भी आतिशबाजी से दूरी बनाए रखी। उन्होंने सिर्फ आंगन में अनार ही किए। इसके अलावा घर को लाइटों व दीयों से सजाया गया था। अनुराग ठाकुर ने कार्यकर्ताओं को मिठाई बांटकर दिवाली मनाई।
भाजपा विधायक नरेंद्र ठाकुर, विधायक कमलेश कुमारी, एचआरटीसी के उपाध्यक्ष विजय अग्निहोत्री ने भी परिवार व कार्यकर्ताओं के साथ दीपपर्व मनाया। इधर कांग्रेस विधायक सुजानपुर राजेंद्र राणा, इंद्र दत्त लखनपाल, सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने भी कार्यकर्ताओं के साथ दीपपर्व मनाया।