सुलह में बनेगा संयुक्त कार्यालय परिसर व फार्मेसी कॉलेज
संवाद सहयोगी भवारना सुलह में संयुक्त कार्यालय परिसर और फार्मेसी कॉलेज बनाया जाएगा। यह घ
संवाद सहयोगी, भवारना : सुलह में संयुक्त कार्यालय परिसर और फार्मेसी कॉलेज बनाया जाएगा। यह घोषणा विधानसभा अध्यक्ष विपिन सिंह परमार ने बुधवार को उपतहसील सुलह का विधिवत शुभारंभ करने के उपरांत लोगों को संबोधित करते हुए की। उन्होंने कहा कि सुलाह पंचायत में सरकारी जमीन में कमी होने के कारण स्थानीय लोगों को इन परियोजनाओं के लिए भूमि उपलब्ध करवाने के लिए आगे आना चाहिए।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि सुलह में उपतहसील लोगों की वर्षों पुरानी मांग थी और लोगों की सुविधा के लिए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने इसे पूरा किया है। उन्होंने कहा कि इसमें 11 पटवार सर्किलों की 23 पंचायतों को शामिल किया गया है और इससे इन पंचायतों के करीब 50 हजार लोग लाभान्वित होंगे।
परमार ने कहा कि सुलह को परौर से सीधे जोड़ने के लिए साढ़े चार करोड़ से न्यूगल नदी पर पुल और सड़क का निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सुलह को सीधे फरेढ़ से जोड़ने के लिए साढ़े तीन करोड़ रुपये से फरेड़-ठम्बा सड़क का विस्तार एवं सुधार किया जा रहा है। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने सुलह और आसपास क्षेत्र के 53 लाभार्थियों को मुख्यमंत्री राहत कोष से छह लाख 52 हजार रुपये के चेक भी वितरित किए। कार्यक्रम में भाजपा मंडलाध्यक्ष देसराज शर्मा, सुरेश वालिया, एसडीएम पालमपुर धर्मेश रामोत्रा, डीएसपी पालमपुर अमित शर्मा, तहसीलदार पालमपुर वेद प्रकाश, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण मनीष सहगल, अधिशासी अभियंता जल शक्ति अनिल पुरी, अधिशासी अभियंता विद्युत प्रीतम कपूर, नायब तहसीलदार सुलाह अब्दुल बशीर सहित गणमान्य लोग उपस्थित रहे।