भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी बनने के बाद होगा मंत्रिमंडल विस्तार, पार्टी चिह्न पर हो सकते हैं निकाय चुनाव : जयराम
CM Jairam Thakur मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा है कि भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पहले अपनी कार्यकारिणी का विस्तार करेंगे।
पालमपुर, जेएनएन। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा है कि भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पहले अपनी कार्यकारिणी का विस्तार करेंगे। उसके बाद देखते हैं कि कैबिनेट विस्तार में किसे लिया जाए। वहीं एसएमसी अध्यापकों के मसले पर मानवीय दृष्टिकोण को सामने रखकर काम होगा। शिक्षा विभाग से कहा है कि उचित रास्ता निकाला जाए। यह बातें उन्होंने बुधवार सायं पालमपुर में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहीं। जयराम ने कहा कि दिल्ली चुनाव में भाजपा के प्रदर्शन के बाद पार्टी की क्या रणनीति होगी, इस बारे में हाईकमान निर्णय लेगा।
पार्टी ने उन्हें जो जिम्मेदारी दी थी उसे पूरी ईमानदारी से निभाया। उनका मानना है कि दिल्ली में आम आदमी पार्टी ने एक समुदाय विशेष को बरगलाकर फायदा उठाया। कांग्रेस तो अब बिल्कुल समाप्त हो गई है। दिल्ली चुनाव में भाजपा ने वोट शेयर में बढ़ोतरी की है। हिमाचल में ऐसी परिस्थितियां नहीं हैं। यहां पर तीसरी शक्ति का कोई रोल नहीं रहता है। हमें किस तरह मजबूत होना है यह समझने और काम करने की जरूरत है।
राष्ट्रीय स्तर पर पार्टी का मजबूत नेतृत्व है, मगर विधानसभा चुनाव में मत प्रतिशतता कम हो जाती है। भाजपा को निचले स्तर तक काम करने की जरूरत है। विपक्ष के नेता मुकेश अग्निहोत्री को संयम और सब्र रखना चाहिए। हमारी और उनकी भाषा में जमीन आसमान का अंतर है। प्रदेश में होने वाले स्थानीय निकाय चुनाव में पार्टी जीतेगी। स्थानीय निकाय चुनाव पार्टी चिह्न पर करवाए जा सकते हैं।
पंचरुखी में रेल ने रोका सीएम का काफिला, गोमा ने की मुलाकात
मुख्यमंत्री के काफिले को रेलगाड़ी की वजह से रुकना पड़ा। पंचरुखी में रेलवे फाटक पर मुख्यमंत्री का काफिला करीब करीब दस मिनट तक ठकरा। इसका फायदा उठाते हुए पूर्व विधायक यादविंद्र गोमा ने मुख्यमंत्री से मुलाकात की, वहीं कुछ स्थानीय लोग भी उनसे मिले। पंचरुखी रेलवे स्टेशन पर जोगेंद्रनगर से गुजरने वाली रेलगाड़ी के आने के कारण फाटक को करीब दस मिनट तक बंद रखना पड़ा। इसी बीच मुख्यमंत्री का काफिला बैजनाथ से पालमपुर की तरफ आ रहा था। मुख्यमंत्री का जयसिंहपुर विधानसभा में रुकने का कोई कार्यक्रम नहीं था। मगर रेल की वजह से उन्हें कुछ समय ठहरना पड़ा। वहीं समय का सद्पयोग करते हुए स्थानीय लोगों ने त्वरित मौके पर पहुंचते हुए मुख्यमंत्री से मुलाकात भी कर ली।