मंडी का अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव कल से
international shivaratri festival मंगलवार को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ऐतिहासिक पड्डल मैदान में सात दिवसीय शिवरात्रि महोत्सव का शुभारंभ करेंगे।
मंडी, जेएनएन। छोटी काशी यानी मंडी अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव के लिए सज चुकी है। मंगलवार को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ऐतिहासिक पड्डल मैदान में सात दिवसीय शिवरात्रि महोत्सव का शुभारंभ करेंगे। मुख्यमंत्री माधोराय मंदिर से देवी-देवताओं के साथ शाही जलेब में शामिल होंगे। जलेब दोपहर बाद दो बजे निकलेगी। जलेब के पड्डल मैदान पहुंचने के साथ मेले का शुभारंभ होगा। इसके बाद मुख्यमंत्री जनसभा को संबोधित करेंगे और मेले में विभिन्न प्रदर्शनियों का भी शुभारंभ करेंगे। जलेब को आकर्षक बनाने के लिए इस बार सांस्कृतिक दल भी इसमें शामिल होंगे। जलेब में बुढ़ला व लुड्डी नृत्य की झलक देखने को मिलेगी। बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ रथ व पूर्व सैनिकों की टुकड़ी जलेब की शोभा बढ़ाएगी। महोत्सव की दूसरी जलेब आठ मार्च को निकलेगी। तीसरी एवं अंतिम जलेब के साथ मेले का विधिवत समापन होगा। महोत्सव के समापन पर 11 मार्च को राज्यपाल आचार्य देवव्रत मुख्य अतिथि के तौर पर देवताओं की शोभायात्रा में शामिल होंगे।
मंडी पहुंचे 150 देवी-देवता
महोत्सव में भाग लेने के लिए 150 देवी-देवता मंडी पहुंच गए हैं। दिनभर देवी-देवताओ के आने का क्रम जारी जारी रहा। महोत्सव में भाग लेने के लिए पहुंचे देवी-देवताओं ने माधोराय मंदिर में उपस्थिति दर्ज करवाई। देवी-देवताओं के आगमन से शिव नगरी मंडी ढोल और वाद्ययंत्रों की धुनों से गूंज उठी है।
पहली संध्या में जुबिन नौटियाल व इंद्रजीत होंगे आकर्षण
शिवरात्रि महोत्सव की पहली सांस्कृतिक संध्या में बॉलीवुड गायक जुबिन नौटियाल व लोक गायक इंद्रजीत मुख्य आकर्षण होंगे। इसके अलावा स्थानीय कलाकार भी अपनी प्रस्तुति देंगे।