संस्थागत क्वारंटाइन सेंटर में ठहराए व्यक्ति ने पी लिया सैनिटाइजर, टांडा रेफर
ज्वालामुखी में संस्थागत क्वारंटाइन सेंटर में रखे व्यक्ति ने बीती रात हैंड सैनिटाइजर पी लिया।
ज्वालामुखी, जेएनएन। ज्वालामुखी में संस्थागत क्वारंटाइन सेंटर में रखे व्यक्ति ने बीती रात हैंड सैनिटाइजर पी लिया। जिसके बाद उसकी तबीयत बिगडऩे पर उसे टांडा रेफर कर दिया है। जहां उसका उपचार चल रहा है। टांडा में उपचार के साथ उसकी रिपोर्ट का भी इंतजार किया जा रहा है। बीएमओ ज्वालामुखी डॉक्टर प्रवीण ने बताया एक युवक जो अग्रवाल सराय में संस्थागत क्वारंटाइन था, उसकी आंखों के आगे अंधेरा छा गया।
सूचना मिलते ही युवक के स्वास्थ्य को देखते हए उसे स्पेशल एंबुलेंस में टांडा भेज दिया गया। यहां रिपोर्ट आने के बाद ही तबीयत खराब होने के असली कारणों का पता चलेगा। वहीं एसडीएम अंकुश शर्मा ने कहा कि युवक की तबीयत कैसे खराब हुई इसकी जानकारी बीएमओ ज्वालामुखी से ही पूरी पता चलेगी।
युवक ने सैनिटाइजर पी है इसकी कोई जानकारी नहीं है। हालांकि युवक की आंखों के आगे एकदम अंधेरा छा गया। ऐसी सूचना उन्हें मिली थी। प्रसाशन द्वारा स्थानीय अस्पताल प्रबंधन के सहयोग के साथ उसकी हालत को देखते हुए उसे टांडा भेज दिया गया था। उधर, उपायुक्त कांगड़ा राकेश कुमार प्रजापति ने बताया कि व्यक्ति ज्वालामुखी के संस्थागत क्वारंटाइन सेंटर में था और उसने वहां कुछ पदार्थ निगल लिया, उसके बाद उसे टांडा अस्पताल कांगड़ा में भर्ती करवाया गया है।
उन्होंने बताया कि व्यक्ति को कुछ स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं थी उसकी आंखों की रोशनी बहुत कमजोर थी और इस वजह से उसे कुछ और भी परेशानी हुई। व्यक्ति का इलाज किया जा रहा है और रिपोर्ट आने पर ही बताया जा सकता है कि उसने क्या पदार्थ पिया था। उक्त व्यक्ति 30 मई को पंजाब के रोपड़ क्षेत्र से यहां आया है।