जनमंच: उद्योग मंत्री बिक्रम ठाकुर ने अधिकारियों को टाइम बाउंड में समस्याएं सुलझाने का दिया आदेश
Industry Minister Bikram Thakur कोरोना महामारी के बीच नौ महीने बाद रविवार को जनमंच कार्यक्रम का आगाज हो गया। मिनी सचिवालय परिसर ऊना में आयोजित जनमंच में उद्योग एवं परिवहन मंत्री बिक्रम ठाकुर ने लोगों की समस्याएं सुनी।
हरोली (ऊना), जेएनएन। कोरोना महामारी के बीच नौ महीने बाद रविवार को जनमंच कार्यक्रम का आगाज हो गया। मिनी सचिवालय परिसर हरोली में आयोजित जनमंच में उद्योग एवं परिवहन मंत्री बिक्रम ठाकुर ने लोगों की समस्याएं सुनी। दोपहर दो बजे तक उन्होंने करीब 23 लोगों की समस्याएं सुनी। ज्यादातर समस्याएं जलशक्ति विभाग से सामने आईं। सभी के निवारण के लिए उद्योग मंत्री बिक्रम ठाकुर ने टाइम बाउंड तरीके से सुलझाने का आश्वासन मौके पर मौजूद अधिकारियों से लिया।
उन्होंने कहा जनमंच ऐसा मंच है जो लोगों की समस्याओं के लिए टाइम बाउंड से समस्याओं का समाधान देगा। इस मौके पर उन्होंने ठहाकों के बीच प्रार्थिओं की समस्याओं को सुना और समाधान के लिए अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की। हरोली से विजय कुमार व काबुल ने जलशक्ति विभाग से नलकूप की समस्या, स्वर्णी देवी ने घर की मरम्मत, बढेड़ा से रविंद्र सिंह ने गली बंद होने, बालीवाल से बलविंदर ने पानी की समस्या से मंत्री को अवगत करवाया।
मंत्री बिक्रम सिंह ठाकुर ने कहा जयराम ठाकुर के नेतृत्व में चल रही प्रदेश सरकार जनहितैषी है। प्रदेश के हर क्षेत्र में एक सामान विकास हो रहा है। हरोली के लोग शालीन ओर भोले हैं अपनी समस्या भी मजाक में बता रहे हैं। अच्छा है लड़ाई झगड़ा नहीं करते। इस मौके पर उनके साथ एचपीआईडीसी के उपाध्यक्ष राम कुमार भी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान कोविड नियमों का खास ख्याल रखा गया तथा हर कोई मास्क पहन कर ही जनमंच कार्यक्रम में शामिल हुआ। प्रवेश द्वार पर ही थर्मल स्कैनिंग, सेनिटाइजर की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई थी।