यहां दिवाली पर घर पहुंचा सैनिक का शव, शोक में डूबा पूरा गांव; पढ़ें पूरी खबर Kangra News
जिला कांगड़ा के उपमंडल इंदौरा की पंचायत डागला के रझीन निवासी सैनिक नरेंद्र कुमार की अभ्यास के दौरान गोली लगने से मौत हो गई।
जसूर, जेएनएन। जिला कांगड़ा के उपमंडल इंदौरा की पंचायत डागला के रझीन निवासी सैनिक नरेंद्र कुमार की अभ्यास के दौरान गोली लगने से मौत हो गई। दिवाली के दिन सैनिक का शव घर पहुंचा व सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया। 33 वर्षीय नरेंद्र पुत्र बंसी लाल की असम में 24 अक्टूबर को अभ्यास के दौरान गोली लगने से मौत हो गई थी। जवान की मौत की सूचना मिलने से दीपावली के पर्व पर बहुत बड़ा बज्रपात हो गया और दुखदायी घटना से समूचा क्षेत्र शोकाकुल हो गया।
मृतक जवान की पार्थिव देह को रविवार को उनके पैतृक घर रझीन में पहुंचाया गया और 11 बजे पार्थिव देह का अंतिम संस्कार किया गया। पार्थिव देह को उनके भतीजे ने मुखाग्नि दी। इस दौरान सेना की टुकड़ी ने सलामी दी। जवान भारतीय सेना की आरटी रेजिमेंट में बतौर सिपाही असम में सेवाएं दे रहा था। 24 अक्टूबर को असम में सैन्य अभ्यास के दौरान जवान को गले में गोली लग गई थी, इसके बाद उसे अस्पताल पहुंचाया गया। लेकिन इस दौरान उसकी मौत हो गई। जवान की मौत के बाद उनकी पत्नी सहित 7 वर्षीय बेटी 5 वर्षीय बेटा बेसहारा हो गए हैं।
मृतक जवान के पिता बंसी लाल भी पूर्व सैनिक हैं तो बड़े भाई सुंदर लाल भी भारतीय सेना में सेवारत हैं। इस मौके पर स्थानीय विधायक रीता धीमान, एसडीएम इंदौरा गौरव महाजन व पंचायत प्रधान स्वर्ण सिंह पठानिया ने पार्थिव देह पर पुष्पांजलि अर्पित की। वहीं सैकड़ों की तादाद में स्थानीय लोग वीर सैनिक की अंतिम विदाई पर शामिल रहे।