4G in Pangi: 5G के जमाने में पांगी को अब मिली 4G सुविधा, साचपास दर्रे पर पांच साल किया काम
4G in Pangi चंबा के जनजातीय उपमंडल पांगी को आखिरकार लंबे इंतजार के बाद जियो कंपनी के माध्यम से 4-जी सेवा से जोड़ दिया गया है। इससे घाटी के लोगों ने राहत की सांस ली है। 2016-17 में पांगी मुख्यालय किलाड़ में जियो कंपनी ने 4-जी का टावर लगाया था।
पांगी, कृष्ण चंद राणा। 4G in Pangi, जिला चंबा के जनजातीय उपमंडल पांगी को आखिरकार लंबे इंतजार के बाद जियो कंपनी के माध्यम से 4-जी सेवा से जोड़ दिया गया है। इससे घाटी के लोगों ने राहत की सांस ली है। भारत सरकार ने 1998 में भारत दूरसंचार की एक्सचेंज पांगी मुख्यालय किलाड़ में स्थापित कर टेलीफोन सुविधा दी थी जोकि महज पांगी मुख्यालय तक ही सीमित थी। दूरसंचार क्रांति के चलते हर उपभोक्ता को 4-जी सुविधा की आवश्यकता थी। 2016-17 में पांगी मुख्यालय किलाड़ में जियो कंपनी ने 4-जी का टावर लगाया था, जिससे लोगों को कहने के लिए तो यह सुविधा दी गई थी लेकिन यह खाली वाट्सएप मैसेज तक ही सीमित थी। लेकिन अब जियो द्वारा चुराह उपमंडल के तीसा विकास खंड से पांगी के लिए ओफ्टिकल फाइवर बिछाने का काम आखिर कार पूरा करके पांगी के लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा कर दिया गया है।
साचपास से होते हुए पांगी पहुंची सेवा
पांगी मुख्यालय किलाड़ को ओफ्टिकल फाइवर से जोड़ने के लिए कंपनी को करीब 14500 फीट ऊंचे साचपास दर्रे पर लगभग पांच साल कार्य करना पड़ा। उपमंडल चुराह के बैरागढ़ से किलाड़ की दूरी करीब 90 किलोमीटर है, जिसमें कंपनी ने ओफ्टिकल फाइवर डालने का कार्य किया। कंपनी के कर्मचारियों व मजदूरों को करीब पांच साल तक साचपास में ठंड, बर्फ व वर्षा में कार्य करके पांगी को 4-जी सेवा से जोड़ा।
आनलाइन कार्य के लिए नहीं करना पड़ेगा लंबा सफर
4-जी सुविधा न होने से घाटी के लोगों का आनलाइन कोई भी कार्य नहीं हो पाता था। कार्य करवाने के लिए उन्हें जिला मुख्यालय चंबा, केलांग, लाहुल-स्पीति, कुल्लू और मंडी जाना पड़ता था। सर्दियों में जम्मू-कश्मीर राज्य के किश्तवाड़ जाना पड़ता था। अब पांगी के चसक भटोरी, चसक, उदीन, हिलुटवां, घिसल, गुवाड़ी, किरयूनी, पुंटो, कुठाह, प्रेग्राम, थांदल में टावर स्थापित किए हैं जबकि मिंधल माता और सुराल में लगाना प्रस्तावित है।
क्या कहते हैं लोग
स्थानीय लोगों रामचरण, भानी चंद, जोग सिंह, मान सिंह, मंगल चंद, चैन सिंह, देव राज, सेबो देवी, सुगी देवी तथा राजो कुमारी सहित अन्य लोगों ने सुविधा देने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, जनजातीय विकास मंत्री रामलाल मार्कंडेय, विधायक जियालाल कपूर, आवासीय आयुक्त अजय कुमार यादव, उपमंडल अधिकारी रजनीश शर्मा, आवासीय आयुक्त रोहित राठौर, उपमंडल अधिकारी सुरेंद्र ठाकुर तथा जियो प्रबंधन को धन्यवाद दिया।
- पांगी में जियो 4-जी सेवा शुरू कर दी गई है, जिससे पांगी के उपभोक्ताओं की लंबे समय से आ रही मांग पूरी हो गई। अब उपभोक्ताओं को आनलाइन कार्य करवाने में दिक्कत नहीं आएगी। लोगों की समस्याओं का हल करने के लिए कार्य किया जा रहा है।
-जियालाल कपूर, विधायक भरमौर-पांगी