अरुण धूमल का बीसीसीआइ कोषाध्यक्ष बनना लगभग तय, प्रेम कुमार धूमल ने दी बेटे को बधाई
बीसीसीआइ के पूर्व अध्यक्ष और केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री अनुराग ठाकुर के छोटे भाई अरुण धूमल का बीसीसीआइ कोषाध्यक्ष बनना लगभग तय माना जा रहा है।
हमीरपुर, जेएनएन। बीसीसीआइ के पूर्व अध्यक्ष और केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री अनुराग ठाकुर के छोटे भाई अरुण धूमल का बीसीसीआइ कोषाध्यक्ष बनना लगभग तय माना जा रहा है। उन्होंने सोमवार दोपहर बाद कोषाध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल कर दिया है। हालांकि, फैसला 23 अक्टूबर को आना है। बताया जा रहा है कोषाध्यक्ष पद के लिए किसी भी दूसरे प्रत्याशी ने नामांकन दाखिल नहीं किया है, ऐसे में अरुण निर्विरोध बीसीसीआइ के कोषाध्यक्ष बन सकते हैं।
अभी हाल ही में अरुण धूमल को हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन का अध्यक्ष चुना गया है। सोमवार को बीसीसीआइ के विभिन्न पदों के लिए नामांकन (Nomination) भरने का आज आखिरी दिन था। अरुण धूमल वित्त मंत्री अनुराग ठाकुर के छोटे भाई हैं और पूर्व मुख्यमंत्री प्रो प्रेम कुमार धूमल के बेटे हैं। हमीरपुर में अरुण धूमल की ताजपोशी लगभग तय माने जानी की खबर के बाद समर्थकों में खुशी की लहर है।
अरुण धूमल के पिता पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने बेटे की नियुक्ित पर खुशी जताई है। प्रेम कुमार धूमल ने कहा यह बेटे की मेहनत और लगन का ही नतीजा है, जो आज उसने यह मुकाम हासिल किया है।
कौन हैं अरुण धूमल
हिमाचल के पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल के बेटे और केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर के भाई अरुण धूमल की शिक्षा जालंधर में हुई है। लेकिन हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन में वह सक्रिय रहे हैं। वर्तमान में अरुण धूमल एचपीसीए के अध्यक्ष हैं, पहले वह हिमाचल क्रिकेट संघ की अंतरिम कमेटी के सदस्य थे। व्यवसायिक तौर पर जालंधर स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल में प्रबंध निदेशक हैं। उनकी पढ़ाई दयानंद मॉडल पब्लिक स्कूल जालंधर में हुई है। जालंधर से इंजीनियरिंग करने के बाद हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला से एमबीए की है। इंजीनियरिंग के दौरान वे कॉलेज टीम के कप्तान भी रहे हैं। एचपीसीए की अंतरिम कमेटी के सदस्य होने से पूर्व वह जिला खेल संघ हमीरपुर के अध्यक्ष भी रहे हैं।