पंचरुखी के स्कूलों में कितने छात्र, नहीं जानता विभाग Kangra News
पंचरुखी के स्कूलों में किस कक्षा में कितने बच्चे पढ़ रहे हैं और स्कूलों में छात्रों की कुल संख्या कितनी है इसके बारे में खुद शिक्षा विभाग को भी जानकारी नहीं है।
धर्मशाला, जेएनएन। जिला कांगड़ा के शिक्षा खंड पंचरुखी के तहत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक व राजकीय उच्च पाठशालाओं की किस कक्षा में कितने बच्चे पढ़ रहे हैं और स्कूलों में छात्रों की कुल संख्या कितनी है, इसके बारे में खुद शिक्षा विभाग को भी जानकारी नहीं है। विभाग की ओर से बार-बार निर्देश देने के बाद भी स्कूल प्रशासन इसकी सूचना नहीं दे रहे हैं। इसके चलते विभाग ने शिक्षा खंड के 31 स्कूलों की सूची सार्वजनिक कर उन्हें शनिवार 20 जुलाई तक जानकारी देने का अल्टीमेटम दिया है।
शिक्षा खंड पंचरुखी के तहत 48 वरिष्ठ माध्यमिक व उच्च पाठशालाएं हैं। विभाग ने जिले के सभी स्कूल प्रबंधकों को निर्देश जारी किए थे कि वे 30 जून तक स्कूलों में छात्रों की कुल संख्या कक्षा बार अपनी खंड स्रोत अधिकारी के माध्यम से भेजें। अन्य शिक्षा खंडों से लगभग सभी स्कूलों ने जानकारी भेज दी है। लेकिन पंचरुखी खंड के 48 स्कूलों में से केवल 17 स्कूलों ने ही ये जानकारी दी है, जबकि 31 स्कूलों ने तय समय अवधि पूरी हो जाने के बावजूद जानकारी नहीं भेजी है।
उच्च शिक्षा उपनिदेशक कांगड़ा गुरदेव सिंह ने बताया कि शेष रहते सभी 31 स्कूलों को शनिवार दोपहर 12 बजे तक ई-मेल के माध्यम से स्कूल में कक्षा बार छात्रों की संख्या की जानकारी देनी होगी। निर्धारित समय तक जानकारी न देने वाले स्कूलों की डिफाल्टर लिस्ट आगामी कार्रवाई के लिए निदेशालय भेज दी जाएगी।
इन स्कूलों ने नहीं दी जानकारी
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला अंद्रेटा, मकोल, पाहड़ा, रक्कड़, टटेहल, भौरा, बनूरी, सलियाना, राजपुर, अवेरी, बुंदला, चंदपुर, कन्या पालमपुर, सीओ पालमपुर, कंडबाड़ी, कंडी, राजकीय उच्च पाठशाला जंदपुर, खजुरनू, सर्सवा, रजोट, सघूर, टिकरी, ठंडोल, भवारना, काहनपट्ट, दियोग्रां, टांडा, पंतेहड़, लांघा व रजेहड़ शामिल हैं।