कई विशिष्ट अतिथियों की मेजबानी करेगा हिमाचल, राष्ट्रपति के बाद आएंगे प्रधानमंत्री मोदी
राम नाथ कोविंद आज धर्मशाला पहुंच रहे हैं। नरेंद्र मोदी का 16 और 17 जून को आने का कार्यक्रम है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर तो कहते हैं कि प्रधानमंत्री 16-17 को धर्मशाला आने के बाद चंबा भी जाएंगे। केजरीवाल भी जन संवाद के लिए शनिवार को हमीरपुर आ रहे हैं।
धर्मशाला, जागरण टीम। राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद आज धर्मशाला पहुंच रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 16 और 17 जून को आने का कार्यक्रम है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर तो कहते हैं कि प्रधानमंत्री 16-17 को धर्मशाला आने के बाद चंबा भी जाएंगे और फिर अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान यानी बिलासपुर एम्स के लोकार्पण के लिए भी आएंगे। इधर, आम आदमी पार्टी के संयोजक एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल भी जन संवाद के लिए शनिवार को हमीरपुर आ रहे हैं।
चुनावी वर्ष में रहेगी चहलपहल
हिमाचल प्रदेश में इसी वर्ष विधानसभा चुनाव होने हैं। जाहिर है, प्रदेश में राजनीतिक गतिविधियां भी बढ़ेंगी। प्रधानमंत्री का हिमाचल प्रदेश के साथ कर्मभूमि का संबंध है। वह यहां भाजपा के प्रभारी रहे हैं। उनका हिमाचल प्रदेश आना होता रहता है। इस बार यह इतिहास ही बनेगा कि छोटे से राज्य में प्रधानमंत्री एक माह में दो बार आएंगे। जयराम ठाकुर कहते भी हैं,' विपक्ष हैरान है कि जब केंद्र में उनकी सरकार थी तो प्रधानमंत्री पांच साल में एक बार नहीं आते थे। अब मोदी जी हैं तो एक माह में दो बार भी आते हैं। इससे पता चलता है कि उनका हिमाचल प्रदेश के प्रति कितना स्नेह है।
केजरीवाल आएंगे हमीरपुर
उधर, आम आदमी पार्टी के संयोजक एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल जनसंवाद के लिए हमीरपुर आ रहे हैं। आम आदमी पार्टी के हिमाचल प्रभारी सत्येंद्र जैन को ईडी द्वारा गिरफ़्तार करने के बाद बेशक डा पाठक को सह प्रभारी बनाया गया है किंतु केजरीवाल स्वयं भी मोर्चा संभालना चाहते हैं। हमीरपुर क्योंकि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा और केंद्रीय सूचना प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर का संसदीय क्षेत्र है, इसलिए केजरीवाल यहां स्वास्थ्य, शिक्षा एवं रोजगार पर सरकार को घेरने का प्रयास करेंगे।
कांग्रेस से किसी का कार्यक्रम फिलहाल नहीं
हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस के किसी बड़े नेता का कार्यक्रम फिलहाल नहीं है। प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह अवश्य कांगड़ा के दौरे पर हैं और प्रयास कर रही हैं कि पार्टी एकजुट रहे किंतु ऐसा देखने में आ नहीं रहा।