हिमाचल में आज और 18 से फिर सक्रिय होगा पश्चिमी विक्षोभ, दिन में तेज धूप और सुबह-शाम की ठंड कर रही बीमार
Himachal Pradesh Weather Update हिमाचल प्रदेश में आज से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो जाएगा। सुबह से आसमा से बादल छाए हुए हैं। मौसम विशेषज्ञों की मानें तो पश्चिमी विक्षोभ पहले रविवार को और फिर 18 जनवरी काे सक्रिय होगा।
शिमला/धर्मशाला, जागरण टीम। Himachal Pradesh Weather Update, हिमाचल प्रदेश में आज से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो जाएगा। सुबह से आसमा से बादल छाए हुए हैं। मौसम विशेषज्ञों की मानें तो पश्चिमी विक्षोभ पहले रविवार को और फिर 18 जनवरी काे सक्रिय होगा। इस कारण ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमपात और बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने रविवार को बिलासपुर, हमीरपुर, मंडी व कांगड़ा जिला में घनी धुंध छाने की आशंका जताई है। इससे लोगों की परेशानी बढ़ेगी।
इस सीजन में ऐसा पहली बार हुआ है कि शिमला का अधिकतम तापमान मैदानी जिला ऊना से ज्यादा रहा। शनिवार को राजधानी शिमला में अधिकतम तापमान 13.8, जबकि ऊना में 13.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। वहीं, प्रदेश में दिन में तेज धूप और सुबह-शाम कड़ाके की ठंड पड़ रही है। इस कारण लोग जुकाम और खांसी से ग्रस्त हो रहे हैं।
धूप खिलने के कारण तापमान में वृद्धि हुई है, लेकिन ऊना में खास बदलाव नहीं आया है। शनिवार को धूप के कारण दिन के तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि हुई है। सबसे अधिक तापमान सुंदरनगर में 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
पटरी पर नहीं लौटा जनजीवन, 172 सड़कें व 42 ट्रांसफार्मर बंद
हिमपात और बारिश के बाद प्रदेश में अब तक जनजीवन पटरी पर नहीं लौटा है। 172 सड़कों पर यातायात बंद है और 42 ट्रांसफार्मर खराब हैं। 52 पेयजल योजनाएं प्रभावित हैं। बंद सड़कों में सबसे अधिक लाहुल स्पीति में 129, कुल्लू में 15, मंडी में 14, शिमला में नौ और चंबा जिला में पांच सड़कें बंद हैं। चंबा में 36, मंडी में तीन, शिमला में दो और लाहुल स्पीति में एक ट्रांसफार्मर खराब है। लाहुल स्पीति में 24, शिमला में 15 व चंबा में 13 पेयजल योजनाओं से पानी की आपूर्ति नहीं हो रही है।
कहां कितना तापमान रहा (डिग्री सेल्सियस)
- स्थान, न्यूनतम, अधिकतम
- शिमला, 3.8, 13.8
- सुंदरनगर, 0.1, 21.0
- भुंतर, 0.2, 18.1
- कल्पा, -4.6, 3.2
- धर्मशाला, 4.2, 18.6
- ऊना, 6.4, 13.6
- नाहन, 7.8, 14.9
- केलंग, -15.2, -4.2
- मनाली, -0.2, 11.2
- सोलन, 1.0, 19.0