रोहतांग सहित चोटियों पर बर्फबारी से तापमान में गिरावट, छह जिलों में बारिश और आंधी का अलर्ट
Himachal Weather Update चोटियों पर बर्फबारी और निचले इलाकों में बारिश होने से तापमान लुढ़क गया है। इससे गर्मी से राहत मिली है।
धर्मशाला/शिमला, जेएनएन। चोटियों पर बर्फबारी और निचले इलाकों में बारिश होने से तापमान लुढ़क गया है। इससे गर्मी से राहत मिली है। शनिवार सुबह से प्रदेश के निचले इलाकों में बूंदाबांदी हो रही है। पहाड़ों पर बर्फबारी का दौर जारी है। मौसम विभाग ने आज ऊना, कांगड़ा, मंडी, शिमला, सोलन व सिरमौर में आंधी और बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। चार जून तक मौसम ऐसा ही रहने वाला है। वीरवार और शुक्रवार को कई क्षेत्रों में ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान हुआ है।
शुक्रवार को भी रोहतांग, लाहुल-स्पीति और मनाली की ऊंची चोटियों सहित मकरवे, शिकरवे, सेवन सिस्टर पीक, मनाली पीक, लदाखी पीक, हनुमान टिब्बा, देउ टिब्बा, मांगन कोट में बर्फबारी हुई। हालांकि रोहतांग दर्रे में वाहनों की आवाजाही सुचारू है।
प्रदेश में सबसे अधिक तापमान ऊना में 36.4 डिग्री दर्ज किया गया है, जिसमें पांच डिग्री से ज्यादा की गिरावट आई है। सबसे अधिक गिरावट सोलन में करीब नौ डिग्री तक आई है। शुक्रवार को सुबह धूप के खिलने के बाद बादल घिर आए और बारिश शुरू हो गई।
कहां कितनी बारिश हुई (मिलीमीटर)
स्थान, बारिश
नाहन, 3.6
सोलन, 2.4
शिमला, 1.0
डलहौजी, 03
तापमान की स्थिति (डिग्री सेल्सियस)
स्थान,न्यूनतम,अधिकतम
शिमला,10.9,21.2
सुंदरनगर,15.5,33.2
भुंतर,14.7,30.2
कल्पा,8.0,20.2
धर्मशाला,16.6,28.4
ऊना,18.4,36.4
नाहन,18.7,32.5
केलंग,6.8,17.1
सोलन,14.7,23.2