यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 24, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Himachal Weather Update: प्रदेश में आज भी बारिश की संभावना, जानिए कब तक बरसेंगे मेघ
Himachal Weather Update हिमाचल प्रदेश में आज भी बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने शनिवार और रविवार को बारिश ...और पढ़ें

शिमला/धर्मशाला, जेएनएन। Himachal Weather Update, हिमाचल प्रदेश में आज भी बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने शनिवार और रविवार को बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। बारिश का क्रम 28 जुलाई तक जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग की ओर से 25 जुलाई से मानसून के सक्रिय होने का अंदेशा जताया गया है। ऐसे में प्रदेश में और बारिश होने की संभावना है। बीते दिनों हुई बारिश से प्रदेशभर में भारी नुकसान हुआ है। सबसे ज्यादा नुकसान की मार जिला कांगड़ा को झेलनी पड़ी है। यहां भागसू नाग में नाले का बहाव मुड़ जाने से कई पर्यटकों के वाहन बह गए थे। इसके अलावा मांझी, गज और बनेर खड्ड में आई बाढ़ से कई घर पानी के बहाव समेत बह गए।
इसके अलावा सबसे बड़ी त्रासदी शाहपुर के रुलेहड़ गांव में हुई, यहां दस लोग मलबे के नीचे दबकर मौत का ग्रास बन गए। यहां मलबे से पांच लोगों को जिंदा भी निकाल लिया गया था। यहां जानमाल का सबसे ज्यादा नुकसान हुआ है। वहीं चंबा में मलबे की चपेट में आकर एक ही परिवार के तीन सदस्य कार समेत रावी नदी में समा गए।
शुक्रवार को कई स्थानों पर बारिश होने के कारण तापमान में गिरावट आई है। वहीं, बारिश के कारण 51 सड़कें बंद हैं, जिन्हें खोलने का प्रयास किया जा रहा है। 24 घंटे के दौरान हमीरपुर में 10.5 और शिमला में सात मिलीमीटर बारिश हुई। वीरवार रात से लेकर बारिश का क्रम कई स्थानों पर जारी रहा, जबकि कई स्थानों पर बादल छाए रहे। इस कारण तापमान में करीब दो से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है।
