हिमाचल में ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान, बारिश और बर्फबारी ने बढ़ाई ठंड; अभी खराब रहेगा मौसम
हिमाचल प्रदेश में सोमवार को प्रदेश की ऊंची चोटियों पर ताजा बर्फबारी हुई तो मैदानी क्षेत्रों मे बारिश के साथ ओलावृष्टि ने तापमान गिरा दिया है।
शिमला/धर्मशाला, जेएनएन। हिमाचल प्रदेश में सोमवार को प्रदेश की ऊंची चोटियों पर ताजा बर्फबारी हुई तो मैदानी क्षेत्रों मे बारिश के साथ ओलावृष्टि ने तापमान गिरा दिया है। इससे अप्रैल माह में एक बार फिर सर्दियों का अहसास करवा दिया। ठंड बढ़ने के कारण लोगों को ऊनी वस्त्र निकालने के लिए मजबूर होना पड़ा। ओलावृष्टि के कारण शिमला, सोलन, सिरमौर, ऊना बिलासपुर, मंडी और कांगड़ा में कई स्थानों पर खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचा है। मौसम विभाग ने सोमवार को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और शिमला में तूफान और ओलावृष्टि के लिए यलो अलर्ट जारी किया था।
प्रदेश में न्यूनतम तापमान के साथ अधिकतम तापमान में भी गिरावट आई है। अधिकतम तापमान में 3 से 7 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई। लाहुल-स्पीति सहित किन्नौर के ऊंचे क्षेत्रों में ताजा बर्फबारी दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने 21 और 22 अप्रैल को प्रदेश के ऊंचे क्षेत्रों में एक दो स्थानों पर बर्फबारी और मैदानी क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर वर्षा की संभावना जताई है। 23 अप्रैल को प्रदेश में मौसम के साफ रहने की संभाावना जताई है। 24 अप्रैल से पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से बर्फबारी व वर्षा की संभावना जताई गई है।
तापमान की स्थिति
शहर न्यूनतम अधिकतम
शिमला,9.7,18.1
सुंदरनगर,11.6,25.6
भुंतर,8.3,22.8
कल्पा,1.3,13.5
धर्मशाला,11.2.,26.2
ऊना,16.3,30.2
नाहन,16.3,29.1
केलंग,-0.2,10.2
सोलन,9.6,26.3