Himachal Weather Update: हिमाचल से जल्द विदा होगा मानसून, तीन दिन तक बारिश की नहीं संभावना
Himachal Weather Update हिमाचल प्रदेश में मौसम के तेवर ठंडे पड़ गए हैं। मौसम जरूर ठंडा हुआ है लेकिन अब मानसनू की विदाई का समय शुरू हो गया है। हालांकि अब मौसम साफ रहने से कुछ दिन सूरज की तपिश झेलनी पड़ सकती है।
शिमला/धर्मशाला, जेएनएन। Himachal Weather Update, हिमाचल प्रदेश में मौसम के तेवर ठंडे पड़ गए हैं। मौसम जरूर ठंडा हुआ है, लेकिन अब मानसनू की विदाई का समय शुरू हो गया है। हालांकि अब मौसम साफ रहने से कुछ दिन सूरज की तपिश झेलनी पड़ सकती है। प्रदेश में तीन दिन मौसम साफ रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार इससे अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी होगी। मानसून भी अब वापस लौटने की तैयारी में है। इस बार मानसून अधिक समय तक रहा और बीते वर्ष की तुलना में अधिक बारिश हुई। हालांकि इस बार नुकसान अधिक हुआ है। मौसम विभाग के निदेशक सुरेंद्र पाल ने बताया कि 24 से 48 घंटे में मानसून प्रदेश से विदा हो जाएगा।
हालांकि सोमवार देर रात से लेकर मंगलवार सुबह तक कुछ स्थानों पर बारिश हुई। शिमला सहित कई स्थानों पर बादल छाए रहे और धुंध भी छाई। प्रदेश में अब भी पांच सड़कें यातायात के लिए बंद हैं, जबकि एक मकान को नुकसान पहुंचा है। जिला किन्नौर के चौरा के पास पहाड़ी से चट्टानें गिरने से निगुलसरी-चौरा मार्ग पर तीन घंटे वाहनों की आवाजाही बंद रही।
पुलिस अधीक्षक ने जारी की एडवायजरी
पुलिस अधीक्षक लाहुल-स्पीति मानव वर्मा ने एडवायजरी जारी की है। उन्होंने कहा सर्दियों की शुरुआत हो चुकी है। कुंजुम दर्रा, बारालाचा और रोहतांग दर्रे पर कभी भी हिमपात हो सकता है। घाटी में प्रतिकूल मौसम के कारण इन दर्रों पर वाहन चलाने की स्थिति अच्छी नहीं है। बेवजह यात्रा करने से बचें।
कहां कितना रहा तापमान (डिग्री सेल्सियस)
- स्थान, न्यूनतम, अधिकतम
- शिमला, 14.3, 23.5
- सुंदरनगर, 15.7, 31.0
- भुंतर, 12.9, 30.8
- कल्पा, 7.6, 21.2
- केलंग, 3.9, 19.1
- धर्मशाला, 16.8, 27.2
- ऊना, 21.4, 35.3
- नाहन, 21.9, 27.8
- सोलन, 16.4, 29.2