24 को हिमाचल पहुंचेगा मानसून, सामान्य से अधिक बारिश की संभावना; तीन दिन आंधी का अलर्ट
Monsoon in Himachal हिमाचल में 24 जून तक मानसून पहुंचने की संभावना है। प्री मानसून में बारिश का रिकॉर्ड टूटने के बाद मानसून में भी अधिक बारिश की संभावना है।
धर्मशाला/शिमला, जेएनएन। हिमाचल में 24 जून तक मानसून पहुंचने की संभावना है। प्री मानसून में बारिश का रिकॉर्ड टूटने के बाद मानसून में भी अधिक बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने वीरवार से तीन दिन प्रदेश में आंधी चलने की आशंका जताई है। मंगलवार को भी चोटियों पर बर्फबारी और मैदानी क्षेत्रों में ओलावृष्टि के साथ बारिश हुई। इसके कारण ठंड बढ़ गई है और लोग गर्म कपड़े पहन रहे हैं।
मौसम विभाग ने वीरवार को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला में आंधी व ओलावृष्टि का यलो अलर्ट जारी किया है। शुक्रवार को लाहुल-स्पीति, किन्नौर, सिरमौर और ऊना को छोड़ बाकी जिलों के लिए बारिश का यलो अलर्ट है।
शनिवार को लाहुल-स्पीति, किन्नौर, सिरमौर, हमीरपुर और ऊना में बारिश की संभावना है। मंगलवार को रोहतांग में हल्की बर्फबारी हुई। बीआरओ 70 आरसीसी के जवान दारचा-शिंकुला मार्ग पर बर्फ हटाने में जुटे हैं। शिंकुला दर्रे में बर्फबारी होने से मार्ग बहाली का काम प्रभावित हुआ है।
तापमान की स्थिति (डिग्री सेल्सियस)
शहर, न्यूनतम, अधिकतम
शिमला, 12.1, 22.7
सुंदरनगर, 16.7, 31.7
भुंतर, 14.8, 31.5
कल्पा, 5.4, 20.5
धर्मशाला, 15.6, 26.4
ऊना, 19.4, 34.8
नाहन, 18.9, 26.7
केलंग, 4.3, 16.9
सोलन, 13.7, 28.8