Himachal Weather Update: हिमाचल में दो दिन भारी बारिश का अलर्ट जारी, आज भी खूब बरसेंगे मेघ
Himachal Weather Update हिमाचल प्रदेश में लगातार बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में धुंध का प्रकोप रहेगा। 27 व 28 अगस्त को यलो अलर्ट जारी किया गया है।
शिमला, धर्मशाला, जेएनएन। Himachal Weather Update, हिमाचल प्रदेश में लगातार बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में धुंध का प्रकोप रहेगा। 27 व 28 अगस्त को यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के निदेशक सुरेंद्र पाल का कहना है कि वीरवार को सुबह शिमला शहर व इसके आसपास के क्षेत्रों में बारिश हो सकती है। इसी तरह से प्रदेश के कुछ हिस्सों में भी हलकी बारिश हो सकती है। जिला कांगड़ा में भी सुबह से बारिश जारी है। इसके अलावा बुधवार शाम को भी कांगड़ा जिला में भारी बारिश हुई, इस कारण कई जगह ल्हासे गिरने से मार्ग बंद हो गए हैं।
बुधवार को सुंदरनगर में 11 मिलीमीटर शिमला में तीन, सोलन में 3.2, मंडी में व फागू में दो-दो मिलीमीटर बारिश हुई। प्रदेश के पांच जिलों में बारिश होने से लोगों ने उमस भरी गर्मी से राहत मिली। प्रदेश में अभी लगातार बारिश का दौर जारी रहेगा। ऐसे में गर्मी से लगातार राहत मिलेगी।
कांगड़ा में दुकानों-मकानों में घुसा बारिश का पानी
मूसलधार बारिश ने कांगड़ा में काफी कहर बरपाया है। बारिश का पानी दुकानों व घरों में घुसने से लोगों को काफी नुकसान हुआ है। तहसील चौक से कांगड़ा बस अड्डा तक पानी दुकानों में घुसा है। कांगड़ा बस अड्डा मार्ग, जयंती विहार कालोनी, गुप्त गंगा मार्ग व कच्छियारी रोड में भी काफी नुकसान हुआ है। देर सायं तक लोग घरों से पानी निकालने में जुटे रहे। एसडीएम अभिषेक वर्मा ने बताया कि प्रशासन इस बाबत जानकारी जुटा रहा है।
राज्य में तापमान की स्थिति
- शहर, न्यूनतम, अधिकतम
- शिमला, 17.4, 24.5
- सुंदरनगर, 22.1, 33.9
- भुंतर, 22.9, 29.8
- कल्पा, 14.5, 20.4
- धर्मशाला, 20.2, 27.4
- ऊना, 25.2, 38.0
- नाहन, 24.0, 32.7
- केलंग, 13.0, 13.5
- पालमपुर, 21.5, 29.2
- सोलन, 20.8, 30.6
- मनाली, 19.4, 25.5
- कांगड़ा, 23.4, 34.9
- मंडी, 21.0, 33.3
- बिलासपुर, 24.5, 34.0
- हमीरपुर, 24.7, 33.4
- चंबा, 22.8, 33.3
- डलहौजी, 16.9, 20.6
- कुफरी, 14.9, 17.5