Weather Update: तपने लगे पहाड़, हिमाचल के नौ शहरों में 30 के पार पहुंचा अधिकतम तापमान
Himachal Weather Update प्रदेश में पहाड़ तपने शुरू हो गए हैं। अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है।
धर्मशाला/शिमला, जेएनएन। प्रदेश में पहाड़ तपने शुरू हो गए हैं। अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। राजधानी शिमला में बुधवार को इस सीजन का अधिकतम तापमान 25 डिग्री को पार कर गया है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दो दिन में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तापमान बढऩे से गर्मी बढ़ेगी। संभव है कि आने वाले दिनों में शिमला के अधिकतम तापमान में उछाल आएगा।
मौसम विभाग के निदेशक डॉ. मनमोहन सिंह का कहना है कि समूचे प्रदेश में 24 मई तक मौसम साफ रहेगा। ऐसे में तापमान बढ़ेगा। केलंग में 2.5 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया है। पश्चिमी हवाएं सक्रिय होने की संभावना टल गई है।
अधिकतम तापमान बढऩे से प्रदेश के नौ शहरों में तापमान 30 डिग्री से अधिक हो गया है। ऊना का अधिकतम तापमान 39 डिग्री पहुंच गया है। इसके अलावा सुंदरनगर का 35.5, भुंतर का 33.4, नाहन का 33.3, सोलन का 32.0, कांगड़ा का 34.1, बिलासपुर का 37.0, हमीरपुर का 37.2 और चंबा का 32.5 अधिकतम तापमान दर्ज किया गया है।