Himachal Weather Forecast: प्रदेश में 25 नवंबर तक सक्रिय रहेगा पश्चिमी विक्षोभ, कल बारिश व बर्फबारी की संभावना
Himachal Weather Forecast प्रदेश के ऊंचे क्षेत्रों में रविवार से बर्फबारी और निचले क्षेत्रों में बारिश की संभावना है। रविवार से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है और 25 नवंबर तक इसका प्रभाव रहेगा। 23 नवंबर को अधिकांश क्षेत्रों में बारिश व बर्फबारी की संभावना जताई गई है।
धर्मशाला/शिमला, जेएनएन। हिमाचल प्रदेश के ऊंचे क्षेत्रों में रविवार से बर्फबारी और निचले क्षेत्रों में बारिश की संभावना है। रविवार से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है और 25 नवंबर तक इसका प्रभाव रहेगा। 23 नवंबर को अधिकांश क्षेत्रों में बारिश व बर्फबारी की संभावना जताई गई है। वहीं, शनिवार को धूप खिले रहने के बावजूद अधिकतम तापमान में कोई विशेष बदलाव नहीं आया है। कुछ स्थानों पर अधिकतम तापमान में करीब एक से दो डिग्री की गिरावट आई है। न्यूनतम तापमान केलंग में -3.8 डिग्री और अधिकतम तापमान ऊना में 24.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
प्रदेश में बीते दिनों हुई बर्फबारी के बाद ठंड में भारी इजाफा हुआ है। जनजातीय जिला लाहुल स्पीति के मुख्यालय केलंग की बात करें तो यहां लगातार न्यूनतम तापमान जमाव बिंदु से नीचे चल रहा है। इसके अलावा अन्य शहरों में भी तापमान में भारी गिरावट दर्ज की जा रही है। समूचा प्रदेश कड़ाके की ठंड की चपेट में है। अब आने वाले दिनों में फिर से बारिश व बर्फबारी होने से तापमान में गिरावट आ जाएगी।
कहां कितना रहा तापमान (डिग्री सेल्सियस)
- स्थान, न्यूनतम, अधिकतम
- शिमला, 5.1, 14.4
- सुंदरनगर, 3.4, 20.5
- भुंतर, 2.3, 21.0
- कल्पा, -3.0, 10.2
- धर्मशाला, 5.6, 13.6
- ऊना, 3.7, 24.0
- नाहन, 11.4, 18.6
- केलंग, -3.8, 3.3
- सोलन, 3.0, 21.5