Himachal Weather Forecast: प्रदेश में आज कुछ जगह बारिश की संभावना, कल से मौसम साफ रहने के आसार
Himachal Weather Forecast हिमाचल प्रदेश में मानसून धीमा पड़ने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार रविवार को प्रदेश में कई स्थानों पर बारिश हो सकती है।
धर्मशाला/शिमला, जेएनएन। हिमाचल प्रदेश में मानसून धीमा पड़ने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार रविवार को प्रदेश में कई स्थानों पर बारिश हो सकती है। इसके बाद मौसम साफ रहने की संभावना है। यानी आने वाले दिनों में धूप खिली रहने की संभावना है। इस बार प्रदेश में मानसून राहत भरा रहा है व कोई भारी नुकसान नहीं हुआ है। अब मानसून धीमा पड़ने लगा है। शनिवार को शिमला व मनाली में दो-दो मिलीमीटर, सोलन में एक मिलीमीटर बारिश हुई।
प्रदेश में शनिवार को बारिश व भूस्खलन होने से 13 मकानों को नुकसान पहुंचा, जबकि 17 सड़कें यातायात के लिए बंद हैं। कांगड़ा में तीन कच्चे मकान ढह गए। उपमंडल की रानीताल चौकी के पास चेलियां गांव में कच्चा मकान गिरने से 17 साल की लड़की की मलबे में दबने से मौत हो गई। हादसा शुक्रवार रात को हुआ।
शनिवार को मंडी का राष्ट्रीय राजमार्ग भूस्खलन के कारण यातायात के लिए कई घंटों तक बंद रहा। इसके अलावा सोलन में 10, बंजार में तीन, मंडी में दो और ऊना में एक सड़क यातायात के लिए बंद रही। भूस्खलन के कारण शिमला में तीन मकान पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि सात मकानों को आंशिक रूप से नुकसान पहुंचा है। इनमें हमीरपुर में तीन, मंडी में दो, बिलासपुर और शिमला में एक-एक शामिल है।
कहां कितना रहा तापमान (डिग्री सेल्सियस)
- स्थान, न्यूनतम, अधिकतम
- शिमला, 16.1, 24.2
- सुंदरनगर, 21.9, 32.4
- भुंतर, 21.0, 32.2
- कल्पा, 11.6, 24.1
- धर्मशाला, 17.6, 27.2
- ऊना, 22.6, 36.0
- नाहन, 24.3, 29.6
- केलंग, 10.4, 22.4
- सोलन, 20.4, 30.0