Himachal Weather Forecast: मौसम विशेषज्ञों ने चार जिलों में भारी बारिश को लेकर जारी किया यलो अलर्ट
Himachal Weather Forecast हिमाचल प्रदेश में मंगलवार सुबह की शुरुआत भी बारिश के साथ ही हुई। आज चार जिलों में भारी बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।
धर्मशाला, जेएनएन। हिमाचल प्रदेश के कुछ स्थानों पर सोमवार रात को भारी बारिश हुई। मंगलवार सुबह की शुरुआत भी बारिश के साथ ही हुई। मंगलवार को शिमला, सोलन, मंडी व कांगड़ा में यलो अलर्ट जारी किया है। बुधवार को ऊना, कुल्लू, किन्नौर व लाहुल-स्पीति जिलों को छोड़कर आठ जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार तक प्रदेश के अधिकांश भागों में बारिश होने की संभावना है। सोमवार को धर्मशाला में सबसे अधिक चार मिलीमीटर बारिश हुई। इसके अलावा शिमला व मनाली में दो-दो मिलीमीटर बारिश हुई। इससे तापमान में गिरावट आई है।
रविवार रात और सोमवार को भारी बारिश हुई। इस कारण सोमवार सुबह मंडी और कांगड़ा जिला की सीमा पर घट्टा में स्थित जोगेंद्रनगर पुलिस की चेकपोस्ट के नजदीक पेड़ गिर गया। इससे मंडी-पठानकोट नेशनल हाईवे तीन घंटे के लिए बाधित रहा। वहीं, चेकपोस्ट को भी नुकसान हुआ है। मंडी जिला के तहत टिकरी मुशहैरा में एक मकान गिर गया। इसके अलावा उपमंडल सरकाघाट के अंतर्गत पटड़ीघाट-गोभड़ता सड़क चट्टान गिरने से दो दिन से बंद है। कांगड़ा जिला में बिजली गिरने से घरों में बिजली के उपकरण जल गए। वहीं, गगल में ट्रांसफार्मर भी जल गया।
चंबा में भूकंप के झटके से सहमे लोग
जिला चंबा में सोमवार दोपहर भूकंप का झटका महसूस किया गया। भूकंप दोपहर करीब एक बजकर 41 मिनट पर आया। रिक्टर स्केल पर भूकंप तीव्रता 3.1 मापी गई। जैसे ही भूकंप का झटका लगा लोग घरों से बाहर निकल आए, जबकि, बाजार में खरीदारी करने सहित खेतों में काम कर रहे लोग भी सहम गए। हालांकि जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है, लेकिन जिला में बार-बार भूकंप के झटके आने से लोग सहमे हुए हैं। जून में चार बार भूकंप के झटके महसूस किए गए थे।
कहां कितना रहा तापमान (डिग्री सेल्सियस)
- स्थान, न्यूनतम, अधिकतम
- शिमला, 17.8, 23.5
- सुंदरनगर, 23.2, 32.0
- भुंतर, 22.2, 32.7
- कल्पा, 15.3, 23.4
- धर्मशाला, 18.2, 30.4
- ऊना, 25.0, 34.8
- नाहन, 24.7, 28.4
- केलंग, 12.7, 22.2
- सोलन, 21.2, 30.6
- मनाली, 15.6, 23.8
- मंडी, 21.1, 33.1
- बिलासपुर, 22.0, 31.0
- हमीरपुर, 22.2, 30.8
- चंबा, 22.0, 31.8