Himachal Weather Forecast: चार जिलों में भारी बारिश होने की चेतावनी, ऑरेंज अलर्ट जारी
Himachal Weather Forecast हिमाचल प्रदेश के चार जिलों में बहुत अधिक बारिश होने के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
धर्मशाला, जेएनएन। हिमाचल प्रदेश में रात से भारी बारिश का दौर जारी है। रात करीब एक बजे शुरू हुई बारिश सुबह तक जारी रही। निचले इलाकों में सुबह बारिश का दौर थम गया। लेकिन ऊंचाई और मध्यम ऊंचाई वाले इलाकों में झमाझम बारिश जारी है। बारिश होने से जहां गर्मी से राहत मिली है तो वहीं किसानों के चेहरे पर भी रौनक आई है व धान की रोपाई में जुट गए हैं। भारी बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर हैं। प्रदेश में रविवार को आंधी और भारी बारिश के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है।
लाहुल-स्पीति और किन्नौर जिला को छोड़ रविवार को प्रदेशभर में आंधी और बारिश की संभावना है। बिलासपुर, चंबा, कांगड़ा और सोलन में आंधी के साथ बहुत अधिक बारिश होने के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। लोगों और प्रशासन को एहतियात बरतने के निर्देश दिए हैं।
शनिवार को प्रदेश के अधिकतर क्षेत्रों में बादल छाए रहे। बादलों के छाए रहने के बावजूद उमस भरी गर्मी रही। अधिकतर स्थानों में अधिकतम तापमान में एक से दो डिग्री की वृद्धि दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार रविवार, सोमवार व मंगलवार को भारी बारिश की संभावना है। अभी तक कुछ क्षेत्रो में ही बारिश हो रही थी, अब समूचे प्रदेश में बारिश की संभावना है। इससे तापमान में गिरावट के साथ गर्मी से राहत मिलेगी और किसानों को भी कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।
कहां कितना रहा तापमान (डिग्री सेल्सियस)
- स्थान, न्यूनतम, अधिकतम
- शिमला, 17.9, 24.0
- सुंदरनगर, 23.0, 33.9
- भुंतर, 21.4, 34.6
- कल्पा, 14.9, 25.0
- धर्मशाला, 19.0, 28.8
- ऊना, 25.8, 37.0
- नाहन, 24.3, 29.0
- केलंग, 12.2, 26.8
- सोलन, 21.7, 29.5