Himachal Weather Forecast: सात जिलों में भारी बारिश और आंधी की चेतावनी, यलो अलर्ट जारी
Himachal Weather Forecast हिमाचल प्रदेश के सात जिलों में रविवार को भारी बारिश और आंधी चलने का यलो अलर्ट जारी किया गया है।
धर्मशाला, जेएनएन। हिमाचल प्रदेश के सात जिलों में रविवार को भारी बारिश और आंधी चलने का यलो अलर्ट जारी किया गया है। चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, सोलन व सिरमौर जिलों के लिए यह अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के अधिकतर क्षेत्रों में बारिश की संभावना है। लेकिन सात जिलों में ज्यादा बारिश हो सकती है। इस कारण मौसम विशेषज्ञों ने अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा प्रशासन ने भी लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। साथ ही नदी नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से पूरी तरह से दूर रहने को कहा है।
शनिवार को प्रदेश में बारिश व भूस्खलन के कारण कांगड़ा जोन में 49, हमीरपुर व शिमला जोन में नौ-नौ व मंडी जोन में छह सड़कें यातायात के लिए बंद हो गई हैं, जो अभी तक बहाल नहीं हो पाई हैं। सड़कों को हुए नुकसान के कारण अभी तक 40 करोड़ रुपये का नुकसान हो चुका है।
शनिवार को प्रदेश में सबसे अधिक बारिश सुंदरनगर में 15 मिलीमीटर, शिमला के जुब्बड़हट्टी में नौ, मनाली में तीन, कांगड़ा में दो मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। इसके कारण तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। प्रदेश में सबसे अधिक तापमान ऊना में 34 डिग्री दर्ज किया गया।
कहां कितना रहा तापमान (डिग्री सेल्सियस)
- स्थान, न्यूनतम, अधिकतम
- शिमला, 17.1, 23.5
- सुंदरनगर, 23.0, 27.9
- भुंतर, 22.4, 29.4
- कल्पा, 14.8, 21.1
- धर्मशाला, 18.8, 26.8
- ऊना, 25.0, 34.0
- नाहन, 23.1, 28.8
- केलंग, 13.2, 21.7
- सोलन, 19.8, 28.0