Himachal Weather Forecast: बादल छाए रहेंगे पर बारिश की संभावना कम, जानिए कब तक शुष्क रहेगा मौसम
Himachal Weather Forecast हिमाचल प्रदेश में वीरवार सुबह आसमान में बादल छाए रहे। लेकिन दिन बढ़ने के साथ धूप निकलनी शुरू हो गई। प्रदेश में 29 सितंबर तक मौसम शुष्क रहने की उम्मीद है। मौसम विभाग के अनुसार इस दौरान मौसम में विशेष बदलाव नहीं होने के आसार हैं।
धर्मशाला/शिमला, जेएनएन। हिमाचल प्रदेश में वीरवार सुबह आसमान में बादल छाए रहे। लेकिन दिन बढ़ने के साथ धूप निकलनी शुरू हो गई। प्रदेश में 29 सितंबर तक मौसम शुष्क रहने की उम्मीद है। मौसम विभाग के अनुसार इस दौरान मौसम में विशेष बदलाव नहीं होने के आसार हैं। बुधवार को प्रदेश के 15 शहरों में अधिकतम तापमान में एक से लेकर चार डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आई। वहीं, पांच स्थानों में न्यूनतम तापमान एक से दो डिग्री सेल्सियस लुढ़का।
मौसम विभाग के निदेशक डॉ. मनमोहन सिंह ने कहा अब पूरे प्रदेश में मानसून की बारिश होने की संभावना कम है। कुछ क्षेत्रों में बारिश हो सकती है। राज्य के कई हिस्सों में बादल छाए रहने की संभावना है। प्रदेश में बुधवार को नाहन में नौ मिलीमीटर बारिश व शिमला में हल्की बूंदाबांदी हुई। इसके अतिरिक्त प्रदेश के शेष स्थानों पर आसमान में बादल तो छाए रहे, मगर बारिश नहीं हुई। प्रदेश के जनजातीय क्षेत्र केलंग में न्यूनतम तापमान 9.1 डिग्री रहा, जबकि अधिकतम तापमान ऊना में 37.0 डिग्री रहा।