Himachal Election 2022: भारी बर्फ के बीच 28 किलोमीटर पैदल चलकर चुनावी ड्यूटी देने पहुंचा कर्मचारी
Himachal Election 2022 हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव के बीच बर्फबारी ने दिक्कत बढ़ा दी है। सबसे ज्यादा परेशानी जिला चंबा के पांगी में पेश आई है। यहां पोलिंग टीम को बर्फ के बीच कई किलोमीटर तक पैदल चलना पड़ा।
पांगी, संवाद सहयोगी। Himachal Election 2022, विधानसभा चुनाव को लेकर जहां अधिकतर मतदान केंद्रों तक कर्मचारी बसों के माध्यम से पहुंचे तो कई मतदान केंद्र ऐसे भी हैं, जहां तक पहुंचने के लिए कर्मचारियों को कई किलोमीटर पैदल सफर करना पड़ा। ऐसा ही एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। पांगी घाटी में चुनाव ड्यूटी के लिए एक कर्मचारी बर्फ के बीच 28 किलोमीटर पैदल चलकर किलाड़ मुख्यालय पहुंचा।
भारी बर्फ के बीच भी नहीं हारी हिम्मत
विद्युत बोर्ड पांगी के तहत अनुभाग पुर्थी में तैनात मान सिंह ने बताया कि उनकी चुनाव ड्यूटी किलाड़ मुख्यालय में लगी है। शुक्रवार तड़के वह अपने क्वार्टर से किलाड़ के लिए निकले। करीब आधा फीट बर्फ में 28 किलोमीटर पैदल चलने के बाद किलाड़ पहुंचे। रास्ते में कई प्रकार की रुकावटें भी आईं, लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं हारी। चुनाव के दौरान किलाड़ मुख्यालय में बिजली की समस्या से निपटने के लिए उनकी ड्यूटी लगी है। उनके साथ अन्य कर्मचारी भी तैनात किए गए हैं। वीरवार को उन्हें पुर्थी में ड्यूटी को लेकर आदेश मिले थे। आदेश मिलने पर शुक्रवार तड़के वह पैदल यात्रा कर किलाड़ पहुंचे।
#Pangi भारी बर्फ के बीच पैदल चल कर ड्यूटी पर पहुंचे मान सिंह #HimachalPradesh #himachal_Election pic.twitter.com/9pXGCArr4k— Dainik Jagran HP (@DainikHim) November 11, 2022
भारी बर्फबारी भी नहीं रोक पाई कदम
पांगी घाटी में हुई भारी बर्फबारी के कारण एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है। हालांकि, प्रशासन की ओर से व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए कार्य किया जा रहा है। लोकतंत्र के इस महापर्व में अपनी सेवाएं देने के लिए वह पैदल ही अपने ड्यूटी स्थल के लिए निकल पड़े थे, ताकि समय पर वहां पहुंचकर अपनी सेवाएं प्रदान की जा सकें। भले ही पांगी घाटी में बीते दिनों भारी बर्फबारी हुई है। लेकिन, मतदान करवाने को लेकर ड्यूटी में तैनात कर्मचारियों के हौसले भी काफी बुलंद हैं। यही कारण है कि भारी बर्फबारी भी उनके कदम नहीं रोक पाई।