हिमाचल की पंचायत प्रधान ने पंजाब का लापता व्यक्ति परिवार से मिलाया, एक महीने से भटक रहा था दरबदर
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले की ग्राम पंचायत बौंगता की प्रधान निरुपमा ने एक महीने से लापता पंजाब के व्यक्ति को उसके परिवार से मिलाया।

पंजाब का लापता व्यक्ति महिला पंचायत प्रधान की बदौलत परिवार से मिल पाया।
HighLights
प्रधान निरुपमा ने लापता पंजाब निवासी सुरेश कुमार को परिवार से मिलाया।
सुरेश कुमार मानसिक रूप से अस्वस्थ, एक माह से लापता था।
प्रधान ने रातभर अपने घर में सुरक्षित रखा, पुलिस की मदद ली।
संवाद सहयोगी, देहरा (कांगड़ा)। हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा की पंचायत प्रधान ने पंजाब के लापता व्यक्ति को परिवार से मिलाया है। ग्राम पंचायत बौंगता की प्रधान निरुपमा ने यह नेक कार्य किया है। पंजाब निवासी सुरेश कुमार करीब एक माह से लापता था, जो दर-दर की ठोकरें खा रहा था। मानसिक रूप से परेशान होने के कारण वह कुछ समझ नहीं पा रहा था।
मंगलवार देर शाम उन्हें सूचना मिली कि एक व्यक्ति बौंगता के रेन शेल्टर में परेशान हालत में बैठा है। बातचीत में उसकी पहचान होशियारपुर जिले के गांव देहरियां निवासी सुरेश कुमार के रूप में हुई।
मानसिक रूप से था अस्वस्थ
ग्रामीणों की मदद से उसके घर का पता लगाया गया और परिजनों से संपर्क किया गया। परिवार ने बताया कि सुरेश मानसिक रूप से अस्वस्थ है और करीब एक माह से लापता था। रात होने के कारण प्रधान उसे अपने घर ले गईं और सुरक्षित रखा। उन्होंने देहरा पुलिस थाने को भी सूचना दी।
भाई पहुंचे लेने
रात करीब 12 बजे पुलिस की मौजूदगी में सुरेश को परिजनों के हवाले किया गया। उसे लेने उसके भाई सुरजीत सिंह पहुंचे। परिवार ने राहत की सांस ली। निरुपमा की पहल ने संवेदनशीलता और सेवा का उदाहरण पेश किया।
