Himachal Weather Update: दस जिलों में बारिश व तूफान की चेतावनी, 40 किलोमीटर की रफ्तार से चल सकती है आंधी
Himachal Weather Update मौसम विभाग ने प्रदेश के 10 जिलों में शुक्रवार को 40 किलोमीटर की रफ्तार से आंधी चलने बारिश व ओलावृष्टि की चेतावनी दी है।
धर्मशाला/शिमला, जेएनएन। प्रदेशभर में वीरवार को बादल छाए रहे। मौसम विभाग ने प्रदेश के 10 जिलों में शुक्रवार को 40 किलोमीटर की रफ्तार से आंधी चलने, बारिश व ओलावृष्टि की चेतावनी दी है। छह जिलों चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला और सोलन के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर और सिरमौर के लिए भी आंधी और वर्षा के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम के फिर के करवट से बागवानों की चिंताएं बढ़ गई हैं। इन दिनों सेब के पौधों पर गुलाबी कली खिल रही है और गुठलीदार फल जैसे प्लम, खुमानी और आड़ू आदि लगे हुए हैं। शुक्रवार और शनिवार को ऊंचे क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को प्रदेश के अधिकतर क्षेत्रों में बारिश व ओलावृष्टि की संभावना जताई है। किन्नौर और लाहुल स्पीति को छोड़ बाकी सभी जिलों के लिए अलर्ट जारी किया गया है। शनिवार को कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला के लिए 40 किलोमीटर की रफ्तार से आंधी चलने और बारिश व ओलावृष्टि के लिए यलो अलर्ट जारी किया है।
22 अप्रैल तक बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है। वीरवार को प्रदेश में सुबह से धूप के खिली तथा दोपहर बाद से बादल छा गए। इससे तापमान में कुछ अंतर आया है। आने वाले दिनों में तापमान में तीन से पांच डिग्री तक की गिरावट की संभावना जताई गई है।
कहां, कितना रहा तापमान
स्थान,न्यूनतम,अधिकतम
केलंग,1.1,12.1
कल्पा,4.5,19.0
भुंतर,9.7,30.2
सोलन,12.4,30.5
धर्मशाला,12.6,26.2
शिमला,14.2,24.7
सुंदरनगर,14.9,32.0
ऊना,17.6,35.6
नाहन,18.2,32.2