Himachal Weather Update: पहाड़ों पर बर्फबारी व मैदानी इलाकों में बारिश से मौसम सुहावना, फसलों को नुकसान
हिमाचल प्रदेश में एकाएक मौसम ने करवट बदल ली है। पहाड़ों पर बर्फबारी का दौर शुरू हाे गया है तो मैदानी इलाकों में झमाझम बारिश हो रही है।
धर्मशाला, जेएनएन। हिमाचल प्रदेश में एकाएक मौसम ने करवट बदल ली है। पहाड़ों पर बर्फबारी का दौर शुरू हाे गया है तो मैदानी इलाकों में झमाझम बारिश हो रही है। बारिश के कारण किसानों की चिंता बढ़ गई है। कोरोेना महामारी के बीच किसानों पर बारिश कहर बरपा रही है। खेतों में काटकर रखी फसल भीग गई है। वहीं, खड़ी फसल खेतों में बिछ गई है। प्रदेश के तीन जिलों में ओलावृष्टि की चेतावनी भी जारी की गई। मौसम विशेषज्ञों का कहना है शाम तक चंबा, कांगड़ा और कुल्लू में बारिश के साथ ओलावृष्टि भी हो सकती है।
प्रदेश में तीन मई तक बादल छाए रहेंगे। चार दिन के बाद पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से कई स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। कई स्थानों पर बारिश होने से तापमान में गिरावट आई थी, मगर बुधवार को धूप खिलने से तापमान में उछाल आया है।
ऊना, हमीरपुर व बिलासपुर में तापमान 30 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया है। केलंग में सबसे कम 3.7 डिग्री तापमान रहा और अधिकतम तापमान बरठी में 34 डिग्री रहा। पिछले 24 घंटे के दौरान खदराला, भरमौर, जंजैहली, कुफरी, जोगेंद्रनगर और मैहरे, गोहर में हल्की बारिश हुई है। मौसम विभाग के निदेशक डॉ. मनमोहन सिंह का कहना है चार-पांच दिनों के बाद पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है।