मंडी में सरदार पटेल विश्वविद्यालय का आगाज, पांच जिलों के 140 कालेज शामिल, बासाधार में बनेगा कैंपस
Sardar Patel University Mandi हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा सरदार पटेल विश्वविद्यालय मंडी के अंतर्गत जिला मंडी कांगड़ा चंबा लाहुल स्पीति और कुल्लू के 140 निजी व सरकारी महाविद्यालय होंगे। मंडी में विश्वविद्यालय कैंपस के लिए तीन चार स्थानों पर साइट का चयन किया गया था।
मंडी, संवाद सहयोगी। Sardar Patel University Mandi, हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा सरदार पटेल विश्वविद्यालय मंडी के अंतर्गत जिला मंडी, कांगड़ा, चंबा, लाहुल स्पीति और कुल्लू के 140 निजी व सरकारी महाविद्यालय होंगे। मंडी में विश्वविद्यालय कैंपस के लिए तीन चार स्थानों पर साइट का चयन किया गया था। लेकिन इनमें बासाधार की साइट को सबसे उपयुक्त पाया गया है। इस स्थान पर एक ही जगह कैंपस निर्माण के लिए भूमि उपलब्ध है।
मंगलवार को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने सरदार पटेल यूनिवर्सिटी के अस्थायी परिसर में विश्वविद्यालय का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने विधिवत रूप से पूजा अर्चना कर विश्वविद्यालय परिसर का निरीक्षण भी किया। उन्होंने कहा 52 साल बाद प्रदेश में दूसरे विश्व विद्यालय का शुभारंभ किया गया है। वल्लभ महाविद्यालय शुरू से ही प्रदेश विश्व विद्यालय शिमला के बाद सबसे बड़ा कैंपस रहा है। विद्यार्थियों की तादात के मामले में आज भी वल्लभ महाविद्यालय प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला के बाद दूसरे नंबर पर है।
पिछले कुछ समय से प्रदेश में सरकारी व निजी महाविद्यालयों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है। इससे प्रदेश के एकमात्र विश्व विद्यालय पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा था। मंडी में हालांकि क्लस्टर यूनिवर्सिटी बनाई गई। लेकिन इसमें भी आसपास के कुछ महाविद्यालय शामिल किए गए। सुझाव आने पर मंडी में प्रदेश विश्वविद्यालय खोलने का सरकार ने निर्णय लिया। मंगलवार को मंडी में प्रदेश के दूसरे विश्व विद्यालय का शुभारंभ कर दिया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इसी सत्र से सरदार पटेल यूनिवर्सिटी कार्य करना शुरू कर देगी। इस मौके पर जलशक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर, विधायक राकेश जम्वाल, विनोद कुमार व इंद्र सिंह गांधी भी मौजूद रहे।