यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 25, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Cloudburst In Manali: मनाली में बादल फटने से ब्यास नदी में बाढ़, अस्थायी पुल बहा व रेस्तरां जलमग्न, देखिए वीडियो
Cloudburst In Manali बादल फटने से मनाली में सुबह तीन बजे ब्यास नदी में अचानक बाढ़ आ गई। बाढ़ की ...और पढ़ें

मनाली, जागरण संवाददाता। Cloudburst In Manali, हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश हो रही है। मनाली के ऊंचाई वाले क्षेत्र में बादल फटने से नदी नाले उफान पर आ गए। सुबह तीन बजे ब्यास नदी में अचानक बाढ़ आ गई। बाढ़ की आवाज ने गहरी नींद में सोए लोगों को जगा दिया। मनाली के साथ लगते चढ़ियारी में निर्माणाधीन रेस्तरां भी बाढ़ की चपेट में आ गया। गनीमत रही कि रेस्तरां में कोई भी नहीं था। अचानक नदी का बहाव बढ़ने के बाद रेस्तरां जलमग्न हो गया। सोलंग के ग्रामीणों ने कुछ दिन पहले ही अस्थायी पुल बनाया था वह फिर से बाढ़ में बह गया।
सोलंगनाला, अंजनी महादेव व रोहतांग की ओर से आ रही सहायक नदियों में बाढ़ आने से पानी का स्तर बढ़ गया। बाढ़ का पानी जैसे ही पलचान पुल तक पहुंच गया तो लोग सहम उठे। पलचान पंचायत प्रधान ने चार बजे मनाली प्रशासन को पानी का स्तर बढ़ने की जानकारी दी। एसडीएम मनाली ने सोलंगनाला से रायसन तक के पंचयात प्रधानों को सूचित कर अलर्ट किया। फायर ब्रिगेड की टीम ने भी नदी किनारे रहने वाले लोगों को सायरन बजाकर सतर्क किया। हालांकि बाढ़ से कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। लेकिन पलचान व बुरुआ के लोगों की नींद उड़ गई।
ब्यास नदी में आई बाढ़, सोलंगनाला से कुल्लू तक अलर्ट जारी किया गया है #beasRiver #Manali #HimachalPradesh #flashflood @JagranNews pic.twitter.com/47czKgjCBj
— Rajesh Sharma (@sharmanews778) July 25, 2022
एसडीएम मनाली डा. सुरेन्द्र ठाकुर ने बताया कि बाढ़ आने की जानकारी मिलते ही नदी किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क कर दिया था। उन्होंने बताया कि सोलंग गांव का अस्थायी पुल बाढ़ में बह गया है। चढ़ियारी के पास एक व्यक्ति अवैध तरीके से नदी किनारे रेस्तरां बना रहा था, जिसे प्रशासन ने बंद करवा दिया था। उस रेस्तरां को भी नुकसान पहुंचा है। बाढ़ से जानमाल का नुकसान होने की कोई सूचना नहीं है।
ब्यास नदी में आई बाढ़, सोलंगनाला से कुल्लू तक हाई अलर्ट#beasRiver #Manali #HimachalPradesh @JagranNews @mygovhimachal pic.twitter.com/Ar3WRweVz3
— Rajesh Sharma (@sharmanews778) July 25, 2022
