विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 02, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Lahaul Cloudburst: लाहुल की मयाड़ घाटी में बादल फटने से नालों में आई बाढ़, खेतों में घुसा पानी, सड़कें बह गई

By Rajesh Kumar SharmaEdited By:
Published: Sat, 02 Jul 2022 09:54 AM (IST)Updated: Sat, 02 Jul 2022 11:20 AM (IST)

Lahaul Cloudburst लाहुल स्पीति के मयाड़ घाटी में बादल फटने से नालों में बाढ़ आ गई है। बाढ़ आने से ...और पढ़ें

लाहुल स्पीति के मयाड़ घाटी में बादल फटने से नालों में बाढ़ आ गई है।
लाहुल स्पीति के मयाड़ घाटी में बादल फटने से नालों में बाढ़ आ गई है।

मनाली, जागरण संवाददाता। Lahaul Cloudburst, लाहुल स्पीति के मयाड़ घाटी में बादल फटने से नालों में बाढ़ आ गई है। बाढ़ आने से ग्रामीणों के खेतों में पानी घुस गया। साथ ही सड़क को भी नुकसान पहुंचा है। जगह-जगह सड़कें अवरुद्ध हो गई हैं। बादल फटने की घटना से मयाड़ घाटी के ग्रामीण सहम उठे हैं। पिछले साल भी अगस्त में बादल फटने से ग्रामीणों को भारी नुकसान झेलना पड़ा था। अब फिर से बादल फटने से ग्रामीणों को नुकसान हुआ है। 

लाहुल स्पीति डीडीएमए के अनुसार मयाड़ घाटी में बादल फटने से करपट घोट नाला, शकोली नाला और चांगुट के बिग्गी नाले में बाढ़ आ गई। बाढ़ से कोई जानी नुकसान नहीं हुआ है। लेकिन खेतों में बाढ़ का पानी घुस गया है और सड़क को भी नुकसान पहुंचा है।

लोक निर्माण विभाग के अनुसार घाटी में जगह जगह भूस्खलन भी हुआ है। खेतों में पानी घुसने से फसलों को भी नुकसान हुआ है। लोक निर्माण विभाग सड़क बहाल करने में जुट गया है। विभाग की ओर से राहत कार्य तेज कर दिया गया है।

एसडीएम उदयपुर निशांत तोमर ने बताया बादल फटने से मयाड़ घाटी के नालों में बाढ़ आई है। जानी नुकसान नहीं हुआ है। लेकिन ग्रामीणों के खेतों सहित सड़क को नुकसान पहुंचा है। उन्होंने कहा हालात पर नजर रखी जा रही है। राजस्व विभाग नुकसान का जायजा ले रहा है। ग्रामीणों को नालों किनारे न जाने की सलाह भी दी गई है।

हुई थी भारी तबाही

लाहुल घाटी में बीते वर्ष भी बादल फटने से भारी तबाही मची थी। सड़क पर मलबे में एक वाहन फंसा हुआ था, जिसे निकालने की कोशिश में लोग लगे हुए थे। इस दौरान बादल फटने के कारण अचानक बाढ़ आ जाने से आठ लोग बह गए थे। इनमें बीआरओ के दो जवान भी शामिल थे, जिनके शव भी कई दिनों बाद मिल पाए थे।